रोहतक में बुधवार सुबह अनाज मंडी के पीछे एक युवक का शव पड़ा हुआ मिला। युवक पर किसी तेजधार हथियार से हमला किया गया था। पेट से आंतड़ियां तक निकाली हुई थीं और गला भी काटा हुआ था। पास में एक शराब की बोतल और नमकीन के पैकेट भी पड़े मिले।

घटना की सूचना मिलते ही शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। मृतक की अभी पहचान नहीं हो पाई है। देखने में युवक की उम्र 25 साल के करीब है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर अस्पताल भिजवा दिया है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसकी हत्या किसने की। साथ ही आसपास के लोगों को बुलाकर युवक की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है।

ऐसा माना जा रहा है कि युवक मंगलवार रात को मीट मार्केट के पास खाली पड़े मैदान में आया था। देर रात तक यहां शराब पीने वाले लोगों की आवाजाही बनी रहती है। आशंका है कि युवक ने वहीं बैठकर शराब पी थी और उसके साथ दो-तीन अन्य लोग भी मौजूद थे। शुरुआती बातचीत के बाद किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे विवाद में बदल गई होगी।

मौके की स्थिति को देखते हुए अंदाजा लगाया जा रहा है कि झगड़ा बढ़ने पर नशे की हालत में आरोपियों ने तेजधार हथियार से उस पर हमला कर दिया। वार इतने अचानक और लगातार किए गए होंगे कि युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला। वारदात के बाद आरोपी घबराकर मौके से फरार हो गए।

बुधवार सुबह जब कुछ लोग रोज की तरह वहां से गुजर रहे थे, तो उन्होंने मैदान के किनारे युवक का शव पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर स्थिति संदिग्ध लगी, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हालांकि, पूरी स्थिति तभी साफ हो पाएगी, जब आरोपी गिरफ्तार हो जाएंगे।

शिवाजी कॉलोनी पुलिस के मुताबिक, मृतक युवक की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। उसके शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। आसपास लगे CCTV कैमरे खंगाले जा रहे हैं, जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!