हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के कारण हुई बारिश और ओलावृष्टि से गर्मी से राहत मिल रही है। बारिश और ओले गिरने से प्रदेश में दिन और रात का तापमान सामान्य से नीचे चला गया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार हरियाणा में दिन के तापमान में 5.9°C नीचे बना हुआ है। वहीं रात का तापमान सामान्य से 3.4°C कम रहा। रोहतक में यह सबसे कम 17.6°C दर्ज किया गया।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) और मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की चेतावनी जारी की है। आज उत्तर और दक्षिण-पूर्वी हरियाणा के 11 जिलों में ‘येलो अलर्ट’ रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल में गरज-चमक के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और छिटपुट बारिश होने की संभावना है। शेष जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रह सकता है।

चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन लाल खिचड़ ने बताया कि 7 मई से 10 मई तक मौसम आमतौर पर खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान हवाओं में बदलाव आने और उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने और रात्रि तापमान में गिरावट होने की संभावना है।

परंतु 10 मई रात्रि से एक और पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। जिसके आंशिक प्रभाव से फिर से मौसम में बदलाव आने की संभावना बन रही है।

मौसम में बदलाव को देखते हुए कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को खास हिदायत दी है। गेहूं और जौ की कटाई व मड़ाई कर चुके किसान भूसे और अनाज को सुरक्षित स्थानों पर रखें, ताकि तेज हवा या बूंदाबांदी से नुकसान न हो।

कपास की बिजाई करने वाले किसानों को सलाह दी गई है कि वे अगले 3-4 दिनों तक बिजाई रोक दे। सब्जी उत्पादक किसान सिंचाई रोक दे और पकी हुई फसलों की तुड़ाई जल्द कर ले। पशुओं को धूल भरी आंधी और बारिश से बचाने के लिए शेड के नीचे रखे। 7 मई के बाद शुष्क मौसम को देखते हुए ही फसलों में खाद या कीटनाशकों का छिड़काव करें।

मंगलवार को हरियाणा के अधिकतम तापमान में भारी गिरावट देखी गई। ठंडी हवाओं और आंशिक बादलवाही के कारण दिन का पारा सामान्य से औसतन 5.9°C कम रहा। सबसे ज्यादा राहत चंडीगढ़ और अंबाला जैसे क्षेत्रों में मिली जहां तापमान सामान्य से 6.8°C तक नीचे चला गया।हालांकि, रोहतक में अधिकतम तापमान 35.5°C रहा, जो पूरे राज्य में सर्वाधिक था। मौसम विभाग का अनुमान है कि 7 मई से सूरज के तेवर फिर कड़े होंगे और तापमान में 4-6 डिग्री की तेजी से बढ़ोतरी होगी।

हरियाणा में बीती रात काफी सुहावनी रही। राज्य का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.4°C कम दर्ज किया गया। 17.6°C के साथ रोहतक राज्य का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां रात का पारा सामान्य से 6.1°C नीचे गिर गया। गुरुग्राम में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से 6.7°C कम (18.0°C) रहा।वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलने से रात के तापमान में और भी हल्की गिरावट देखी जा सकती है, जिससे रातें फिलहाल ठंडी बनी रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!