हरियाणा में लगातार बढ़ रहे पेट्रोल-डीजल के दामों को लेकर केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर सवालों से बचते नजर आए। भिवानी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जब पत्रकारों ने 10 दिनों में चार बार तेल कीमतों में हुई बढ़ोतरी पर सवाल पूछा, तो खट्टर ने जवाब देने के बजाय इशारे में अंगुली दिखाते हुए कहा— “मैंने सुन लिया है, धन्यवाद।” इसके बाद वह आगे बढ़ गए।
सोमवार को भिवानी में सर्व कल्याण मंच हरियाणा द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में पहुंचे खट्टर से मीडिया ने लगातार बढ़ती महंगाई और ईंधन कीमतों को लेकर सवाल किए थे।
इधर, इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनावों से पहले पेट्रोल-डीजल सस्ता करने की बात कही गई थी, लेकिन अब लोगों पर महंगाई की मार पड़ रही है।
हरियाणा में लगातार बढ़ रहे तेल के दाम
राज्य में 10 दिन के भीतर चौथी बार पेट्रोल-डीजल महंगा हुआ है। पेट्रोल करीब ₹2.60 प्रति लीटर बढ़कर औसतन ₹103 तक पहुंच गया है, जबकि डीजल ₹2.70 बढ़कर ₹95.66 प्रति लीटर हो गया है। सिरसा में पेट्रोल की कीमत सबसे ज्यादा ₹104.43 प्रति लीटर दर्ज की गई।
प्रमुख शहरों में पेट्रोल के नए रेट
पंचकूला — ₹103.63
सिरसा — ₹104.43
पानीपत — ₹102.20
रोहतक — ₹103
फतेहाबाद — ₹103.73
सोनीपत — ₹103.70
हिसार — ₹103.54
और बढ़ सकते हैं दाम
हरियाणा पेट्रोल पंप एसोसिएशन के प्रधान संजीव चौधरी ने दावा किया कि आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने और मिडिल ईस्ट तनाव के कारण सरकार आगे भी दाम बढ़ा सकती है।
ब्लिंकिट राइडर्स का विरोध
झज्जर में पेट्रोल की बढ़ती कीमतों से परेशान ब्लिंकिट राइडर्स ने विरोध प्रदर्शन किया। राइडर्स का कहना है कि पेट्रोल महंगा हो रहा है, लेकिन प्रति डिलीवरी मिलने वाला भुगतान नहीं बढ़ाया जा रहा, जिससे खर्च निकालना मुश्किल हो गया है।
क्यों बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम?
विशेषज्ञों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी इसकी मुख्य वजह है। ईरान-अमेरिका तनाव के चलते क्रूड ऑयल 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 100 डॉलर के पार पहुंच गया है। इसके चलते तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ा और कीमतों में इजाफा किया गया।
महंगाई पर भी पड़ेगा असर
मालभाड़ा बढ़ने से फल-सब्जियां और राशन महंगे हो सकते हैं
किसानों की लागत बढ़ सकती है
बस, ऑटो और स्कूल वाहनों के किराए में इजाफा संभव
