हरियाणा सरकार ने परिवार पहचान पत्र (PPP) प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और नागरिक हितैषी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। अब यदि किसी नागरिक के परिवार पहचान पत्र में कोई अनजान व्यक्ति जुड़ गया हो या पहचान होने के बावजूद उसका नाम हटाने में परेशानी आ रही हो, तो ऐसे मामलों के समाधान के लिए नई व्यवस्था लागू कर दी गई है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए PPP स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला ने बताया कि नागरिक अब अपनी सिटीजन आईडी के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर इस समस्या का समाधान प्राप्त कर सकेंगे।
DUM मॉड्यूल में किए गए बदलाव
डॉ. खोला ने बताया कि कई नागरिकों की शिकायत थी कि उनके PPP में गलत तरीके से अन्य व्यक्तियों के नाम जुड़ गए हैं। कई मामलों में उन व्यक्तियों की पहचान नहीं हो पाती थी और पहचान होने के बाद भी तकनीकी कारणों से नाम हटाने में दिक्कत आती थी।
इसी समस्या को देखते हुए सरकार ने Delete Unwanted Module (DUM) में जरूरी बदलाव किए हैं, जिससे पूरी प्रक्रिया पहले की तुलना में ज्यादा आसान और प्रभावी हो गई है।
ऐसे होगा पूरा प्रोसेस
नई व्यवस्था के तहत आवेदक को सबसे पहले Target PPN ID का चयन करना होगा। पोर्टल पर संबंधित परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर के अंतिम चार अंक भी दिखाई देंगे, जिससे सही परिवार की पहचान करना आसान होगा।
इसके बाद चयनित परिवार के मुखिया के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर OTP भेजा जाएगा। OTP सत्यापन सफल होने के बाद आवेदन संबंधित ADC लॉगिन पर अनुमोदन के लिए पहुंच जाएगा। समीक्षा के बाद ADC द्वारा मंजूरी दी जाएगी।
लोगों को मिलेगा फायदा
सरकार का कहना है कि इस नई प्रक्रिया से लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और PPP से जुड़ी शिकायतों का तेजी से समाधान हो सकेगा। साथ ही इससे परिवार पहचान पत्र के डेटा की शुद्धता बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।
डॉ. सतीश खोला ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय-समय पर अपने PPP की जानकारी जांचते रहें और किसी भी गलती की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करें।
