गुरुग्राम के मानेसर स्थित खोह गांव में नवविवाहिता मधु की हत्या मामले में पुलिस जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। शुरुआती तौर पर जिस मामले को गुमशुदगी बताने की कोशिश की गई, वह अब एक सुनियोजित हत्या की साजिश साबित हो रही है।
पुलिस जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार मधु की हत्या उसके पति अंकित भगत ने अपनी लिव-इन पार्टनर के साथ मिलकर की। डॉक्टरों की रिपोर्ट में सामने आया कि मधु के सिर में बेहद नजदीक से गोली मारी गई थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटनास्थल से पुलिस को दो खाली कारतूस भी मिले हैं। वारदात के बाद आरोपी पति और उसकी गर्लफ्रेंड मौके से फरार हो गए। पुलिस मोबाइल सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज के जरिए दोनों की तलाश में जुटी हुई है।
शादी के तीन महीने बाद हत्या
मृतका मधु की शादी इसी साल 19 फरवरी को मानेसर गांव निवासी अंकित भगत के साथ हुई थी। परिजनों के मुताबिक शादी के बाद सब सामान्य लग रहा था, लेकिन 21 मई को अचानक मधु लापता हो गई।
इसके बाद ससुराल पक्ष ने मायके वालों को फोन कर दावा किया कि मधु घर से जेवर लेकर किसी के साथ भाग गई है। हालांकि परिवार को इस कहानी पर शक हुआ और उन्होंने पुलिस को शिकायत दी।
पड़ोसियों की जानकारी से खुला राज
मायके पक्ष की तलाश के दौरान पड़ोसियों ने बताया कि 21 मई को मधु को उसके पति अंकित के साथ स्कूटी पर जाते देखा गया था। जांच में यह भी सामने आया कि अंकित ने मानेसर बस स्टैंड के पास एक किराये का कमरा लिया हुआ था, जहां उसकी लिव-इन पार्टनर रहती थी।
जब पुलिस वहां पहुंची तो कमरा बाहर से बंद मिला। दरवाजा तोड़ने पर बाथरूम से मधु का सड़ा हुआ शव बरामद हुआ। कमरे में बदबू फैली हुई थी।
दहेज और जमीन के लालच का आरोप
मृतका के पिता अशोक ने आरोप लगाया है कि अंकित पहले से ही दूसरी महिला के साथ रह रहा था और उसने यह बात छिपाकर उनकी बेटी से शादी की। उनका आरोप है कि शादी केवल दहेज और मधु के नाम की जमीन हड़पने के इरादे से की गई थी।
परिजनों का यह भी कहना है कि शादी में उनकी क्षमता से ज्यादा खर्च किया गया और नकद रकम भी दी गई थी।
ससुराल पक्ष भी पुलिस के रडार पर
पुलिस अब अंकित के परिवार की भूमिका की भी जांच कर रही है। आरोप है कि हत्या के बाद परिवारवालों ने झूठी कहानी बनाकर मामले को छिपाने की कोशिश की ताकि आरोपियों को फरार होने का समय मिल सके।
मानेसर थाना पुलिस ने हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कई टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं।
