रोहतक, 1 मई : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने जिला में सुपर 100 की तर्ज पर शुरू किये गए सुपर 40 कार्यक्रम के पहले बैच के विद्यार्थियों के साथ संवाद किया तथा आगामी नीट परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए नियमित कठिन परिश्रम करें। सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थी किसी से कम नहीं हैं और वे शिक्षा, खेल व अन्य क्षेत्रों में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
सचिन गुप्ता स्थानीय हिसार रोड स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शिक्षा विभाग द्वारा शुरू किए गए नीट क्रैश कोर्स के प्रथम बैच के विद्यार्थियों से संवाद कर रहे थे। यह बैच गत 1 अप्रैल 2026 से शुरू हुआ है। उन्होंने विद्यार्थियों को नीट परीक्षा के बारे में महत्वपूर्ण टिप्स भी दिए। उन्होंने कहा जीवन में अनुशासन महत्वपूर्ण है। उन्होंने सुपर 40 के प्राध्यापकों से भी संवाद करते हुए कहा कि वे आगामी सत्र के लिए 11वीं व 12वीं कक्षाओं का सुव्यवस्थित शेड्यूल तैयार करें तथा विद्यार्थियों के सभी कॉन्सेप्ट पूरी तरह स्पष्ट करवाएं। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा में मुख्यत: एनसीईआरटी के पाठ्यक्रम से ही प्रश्न पूछे जाते हैं, इसलिए उसी के अनुरूप तैयारी कराई जाए।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अभिभावकों से भी बातचीत करते हुए कहा कि जिला प्रशासन द्वारा यह नई पहल विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की गई है, ताकि वे भी निजी विद्यालयों व कोचिंग संस्थानों के समान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर सकें। उन्होंने अभिभावकों का आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को उनकी रुचि के अनुसार आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने सुपर 40 बैच शुरू करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी एवं विद्यालय की प्राचार्या की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से नई पहल संभव हो पाई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सचिन गुप्ता ने कहा कि हरियाणा सरकार के ‘सुपर 100’ कार्यक्रम से प्रेरित होकर जिला में एक नई शैक्षणिक पहल शुरू की गई है। इस पहल के तहत उन विद्यार्थियों को भी उच्च गुणवत्ता की कोचिंग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा, जो विद्यार्थी किसी कारणवश ‘सुपर 100’ कार्यक्रम का हिस्सा नहीं बन पाते हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में सरकारी विद्यालयों के ही अनुभवी अध्यापक विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे नीट और आईआईटी की तैयारी उसी पैटर्न पर कराएंगे, जिस प्रकार ‘सुपर 100’ में कराया जाता है। हाल ही में शुरू किए गए एक से दो महीने के क्रैश कोर्स के दौरान विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और उत्साह देखने को मिला है, जो इस पहल की सफलता का संकेत है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि आगामी सत्र से इस कार्यक्रम को और व्यापक रूप दिया जाएगा। कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए एक वर्ष का नियमित कोर्स संचालित किया जाएगा, जिसमें स्कूल पाठ्यक्रम के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों को दो वर्षों में चरणबद्ध तरीके से सभी विषयों की गहन तैयारी कराई जाएगी, ताकि वे प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को इस स्तर तक तैयार करना है कि वे देश के प्रतिष्ठित संस्थानों जैसे एम्स, आईआईटी आदि में चयनित हो सकें और यह धारणा समाप्त हो कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा केवल निजी संस्थानों में ही उपलब्ध है।
जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक ने कहा कि उपायुक्त के मार्गदर्शन में यह पहल उन विद्यार्थियों के लिए शुरू की गई है, जो किसी कारणवश सुपर 100 में प्रवेश नहीं पा सके। इस कार्यक्रम के तहत उन्हें सुपर 100 की तर्ज पर जेईई व नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। इसके लिए अनुभवी प्राध्यापकों की नियुक्ति की गई है, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन मिल सके। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी गीता राठी, प्राचार्या डॉ. श्वेता अहलावत, जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. सुनील मान, जिला गणित विशेषज्ञ डॉ. दीपक अरोड़ा, बायोलॉजी के प्राध्यापक विकास वशिष्ठ, फिजिक्स के प्राध्यापक कुलदीप पंघाल, रसायन विज्ञान की विशेषज्ञ डॉ. सोनिया वर्मा, स्कूल स्टाफ तथा अभिभावक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!