हरियाणा में बहारदुगढ़ से निर्दलीय विधायक राजेश जून के बेटे सचिन जून की शादी उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में स्थित त्रियुगीनारायण मंदिर में हुई। उन्होंने हिसार की रहने वाली डॉ. सनोज से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लिए।
खास बात यह है कि 30 अप्रैल को हुई इस शादी में दूल्हा और दुल्हन पक्ष से केवल 65 लोग ही शामिल हुए। इनमें सचिन जून के परिवार से 50 और डॉ. सनोज के परिवार के 15 लोग थे। एक घंटे के इंतजार के बाद दोनों के फेरे हुए।
मान्यता है कि त्रियुगीनारायण मंदिर में भगवान शिव और माता पार्वती की शादी हुई थी। इस शादी के साक्षी खुद भगवान विष्णु बने थे, जिन्होंने पार्वती के भाई की भूमिका निभाई थी।
इससे पहले, 28 अप्रैल को बहादुरगढ़ में सगाई का कार्यक्रम रखा गया था, जिसके लिए राजेश जून ने डेढ़ लाख लोगों को न्योता भेजा था। यहां मुख्यमंत्री नायब सैनी से लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई नेता शामिल हुए थे।



