रोहतक। छठ पूजा के दौरान भालौठ सब ब्रांच नहर पर हुए खूनी झगड़े में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो किशोरों सहित कुल 6 आरोपियों को काबू किया है। वहीं, पूर्वांचल एकता समिति ने घटना से जुड़ी वीडियो उपलब्ध करवाने वाले व्यक्ति को 31 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।

इस वारदात में बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विक्रम की चाकू लगने से मौत हो गई थी, जबकि उसका भाई विक्की गंभीर रूप से घायल हो गया था। दोनों भाई 16 नवंबर को छठ पूजा के लिए नहर पर पहुंचे थे।

छठ पूजा के दौरान हुआ था विवाद, चाकू से किया हमला

जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर की सुबह छठ पूजा के दौरान भालौठ सब ब्रांच नहर पर झगड़ा हो गया था। इस दौरान चाकू लगने से विक्रम पुत्र शंकर निवासी गांव जगदीशपुर मुसापुर, जिला समस्तीपुर (बिहार) की मौत हो गई।

विक्रम फिलहाल रोहतक के माल गोदाम रोड पर किराये पर परिवार के साथ रह रहा था। घटना में उसका भाई विक्की भी गंभीर रूप से घायल हुआ था।

घायल भाई को कंधे पर उठाकर ले गए परिजन

मृतक के छोटे भाई विनय ने बताया कि उनकी बाइक पुल के पास खड़ी थी। घायलों को लेकर उन्हें करीब आधा से एक किलोमीटर तक कंधे पर उठाकर भागना पड़ा।

विनय के मुताबिक, घाट पर एंबुलेंस भी मौजूद थी, लेकिन वह मदद के लिए नहीं पहुंची। उन्होंने आरोप लगाया कि घटनास्थल पर मौजूद भीड़ तमाशा देखती रही। किसी ने उनकी मदद नहीं की और न ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया।

वीडियो देने वाले को मिलेगा 31 हजार रुपये इनाम

पूर्वांचल एकता समिति के प्रधान संजीव सिंह ने कहा कि छठ पूजा जैसे पवित्र पर्व के दौरान हुई इस घटना से सभी को दुख पहुंचा है। घटना के समय कई लोग वीडियो बना रहे थे।

समिति ने अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के पास वारदात से जुड़ी वीडियो है तो वह समिति को उपलब्ध करवाए। वीडियो देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी और उसे 31 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।

समिति का कहना है कि वीडियो से आरोपियों तक पहुंचने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में मदद मिल सकती है।

दो किशोर भी आरोपियों में शामिल

आईएमटी थाना प्रभारी राजकरण ने बताया कि छठ पूजा के दौरान युवक की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को काबू किया है। इनमें दो किशोर शामिल हैं, जो उत्तर प्रदेश और बिहार के रहने वाले हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!