नगर निगम आयुक्त सत्येन्द्र दुहन ने बताया कि शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर निगम रोहतक द्वारा स्वच्छता व्यवस्था को लेकर लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सार्वजनिक स्थानों, सड़कों, बाजारों, खाली प्लाटों तथा अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में गंदगी फैलाने वालों पर निगरानी रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नगर निगम की टीमों ने 10 चालान कर 5100 रुपये जुर्माना लगाया गया। शहर की स्वच्छता बनाए रखना केवल निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
निगम आयुक्त सत्येन्द्र दुहन ने कहा कि निगम की टीमों द्वारा लोगों को समझाया जा रहा है कि वे कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें तथा गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग रखें। इसके अतिरिक्त नागरिकों को खुले में कूड़ा, सूखी पत्तियां एवं कूड़ा न जलाने, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाने तथा अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखें और जहां भी गंदगी फैलाने या कचरा जलाने की शिकायत मिले, वहां तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
निगम आयुक्त सत्येन्द्र दुहन ने नागरिकों से अपील की कि वे शहर को स्वच्छ रखने में निगम का सहयोग करें। सड़क, बाजार, पार्क, खाली प्लाट अथवा सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकें। कूड़ा केवल नगर निगम की कूड़ा लेने वाली गाड़ी को ही दें और स्वच्छता नियमों का पालन करें।