मोहाली। पंजाब के मोहाली जिले के लालड़ू क्षेत्र के बल्लोपुर गांव में दो साल के मासूम गुरसांझ की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने गांव की ही रहने वाली सोनिका नाम की महिला को गिरफ्तार किया है। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि महिला का कुछ दिन पहले गर्भपात हुआ था। इसी बात को लेकर वह मानसिक रूप से परेशान और गुस्से में थी। आरोप है कि बच्चे को घर के बाहर हंसता-खेलता देखकर वह खुद को रोक नहीं पाई और उसे अगवा कर हत्या कर दी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला बच्चे को खेलते हुए अपने घर ले गई और वहां उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को पहले घर के एक कमरे में रखा और बाद में पड़ोसी के मकान की छत पर छोड़ दिया, ताकि हत्या का शक दूसरे परिवार पर जाए।

14 नवंबर को घर के बाहर खेलते समय लापता हुआ था गुरसांझ

बल्लोपुर गांव निवासी गुरविंदर सिंह का दो साल का बेटा गुरसांझ 14 नवंबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे घर के बाहर गली में खेल रहा था। कुछ देर बाद जब उसके दादा बहादुर सिंह और परिवार के अन्य सदस्यों ने उसे आसपास तलाशा तो वह नहीं मिला।

परिजनों ने गांव की गलियों, आसपास के घरों और खेतों में बच्चे की तलाश की। रिश्तेदारों से भी संपर्क किया गया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद परिवार ने लालड़ू थाने में शिकायत दी।

पुलिस ने बच्चे की तलाश के लिए तीन विशेष टीमें गठित कीं। गांव और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन रातभर तलाश के बावजूद बच्चे का पता नहीं चला।

20 घंटे बाद पड़ोसी की छत पर मिला शव

15 नवंबर की सुबह बच्चे का शव घर से करीब चार-पांच मकान दूर पड़ोसी राजबीर सिंह के मकान की टिन की छत पर मिला। बच्चे के शरीर पर चोट और खरोंच के निशान बताए गए। शव मिलने के बाद परिवार ने हत्या की आशंका जताई।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला ने जानबूझकर शव उस पड़ोसी के घर की छत पर रखा था, जिसके परिवार के साथ बच्चे के परिजनों का पहले से मनमुटाव था। उसका मकसद हत्या का शक पड़ोसी परिवार पर डालना था।

कमरे से कंबल, चादर और बच्चे के बाल मिले

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिला जिस मकान में रहती थी, वहां दो कमरे थे। एक कमरे में वह अपने पति के साथ रहती थी, जबकि दूसरा कमरा मकान मालिक के परिवार का था। मकान मालिक की पत्नी की मौत के बाद उस कमरे पर ताला लगा दिया गया था और उसकी चाबी सोनिका को दी गई थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के घर के कमरे से कंबल, चादर और बच्चे के बाल मिले हैं। इन सभी साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेजा गया है।

19 नवंबर को आरोपी महिला गिरफ्तार

पुलिस ने जांच और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर 19 नवंबर को सोनिका को गिरफ्तार किया। SSP वरुण शर्मा के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में महिला ने बच्चे को अपने घर ले जाने और उसकी हत्या करने की बात कबूल की है।

शव मिलने के बाद पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और CIA स्टाफ की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए थे। अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(1) अपहरण और धारा 103(1) हत्या के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पति की भूमिका नहीं आई सामने, नरबलि के एंगल से भी जांच

पुलिस के मुताबिक, अब तक की जांच में आरोपी महिला के पति की भूमिका सामने नहीं आई है। वह रात करीब 9 बजे ड्यूटी से घर लौटता है। पुलिस का कहना है कि वारदात के समय वह ड्यूटी पर था। महिला ने पति के सोने के बाद छत पर जाकर शव रखा था।

पुलिस ने आरोपी के नाखूनों समेत अन्य जरूरी नमूने लिए हैं। DNA जांच के लिए भी सैंपल जुटाए गए हैं। बच्चे का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

नरबलि की आशंका को लेकर पुलिस का कहना है कि अभी तक ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है। हालांकि, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी महिला से पूछताछ जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!