रोहतक के गांव काहनौर में एक महिला किसान के साथ सोशल मीडिया के जरिए 63 हजार रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। महिला रीना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेती-बाड़ी का काम करती हैं और 6 जनवरी को सोशल मीडिया पर भैंस बिक्री का एक विज्ञापन देखा।
ठगों ने खुद को राजस्थान के राजपुरा स्थित मंगला डेयरी का कर्मचारी बताते हुए 65 हजार रुपए में भैंस बेचने की बात कही। पहले उन्होंने बयाने के रूप में 6 हजार रुपए मांगे, जो पीड़िता ने वॉट्सऐप पर भेजे गए स्कैनर के जरिए भेज दिए। अगले दिन आरोपियों ने भैंस के रवाना होने की झूठी सूचना दी और एक फर्जी ड्राइवर का नंबर भी दिया।
कुछ देर बाद कथित ड्राइवर ने फोन कर बाकी के 57 हजार रुपए की मांग की, जिस पर महिला ने भरोसे में आकर तुरंत पैसे भेज दिए । जब काफी समय बीत जाने के बाद भी भैंस नहीं पहुंची, तब महिला को धोखाधड़ी का एहसास हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ अपनी रकम वापसी की मांग की है।
