रोहतक के राजीव गांधी खेल परिसर में 76वें गणतंत्र दिवस समारोह में प्रदेश के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार तिरंगा झंडा फहराएंगे। विकास एवं पंचायत मंत्री इस कार्यक्रम से पहले MDU स्थित युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे। इससे पूर्व आज बम स्क्वायड टीम ने राजीव गांधी खेल स्टेडियम की जांच की। बम स्क्वायड टीम में शामिल सदस्यों ने आधुनिक हथियारों से लैस होकर निरीक्षण किया।
बम स्क्वायड टीम ने टॉम नामक डॉग के साथ समारोह स्थल का निरीक्षण किया। टीम के सदस्यों ने बताया कि डॉग टॉम उनकी टीम का हिस्सा है। आधुनिक उपकरणों के साथ डॉग ने भी टीम के साथ संदिग्ध चीजों को खंगालने का काम किया। इस मौके पर सीआईडी की टीम भी मौजूद रही।
रोहतक के डीसी धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह में 10 परेड की टुकड़ियां मार्च पास्ट में हिस्सा लेंगी। मुख्य अतिथि विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। 27 विद्यालयों के 3235 विद्यार्थी सामूहिक शारीरिक अभ्यास का प्रदर्शन करेंगे।
समारोह में लाढौत गुरुकुल के विद्यार्थियों एवं खेल विभाग के योग साधकों द्वारा मलखंब व अन्य योगासनों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके उपरांत विभिन्न 8 विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत तथा संविधान पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएगी। विभिन्न 17 विभागों द्वारा कल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित करती शानदार झांकियां निकाली जाएगी। मुख्य अतिथि द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।

डीसी धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा जिलावासियों को 5 इलेक्ट्रिक बसों की सौगात दी है। जिन्हें विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह के उपरांत समारोह स्थल से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इन वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों में दूरी के हिसाब से 10, 15 व 20 रुपए किराया निर्धारित किया गया है। गणतंत्र दिवस 26 जनवरी को इन बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी गई है।
