रोहतक के राजीव गांधी खेल परिसर में 76वें गणतंत्र दिवस समारोह के लिए आयोजित फाइनल रिहर्सल में छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई। जब सांस्कृतिक प्रस्तुति की तैयारी के लिए रिहर्सल की जा रही थी तो दो बच्चियां अचानक से चक्कर खाकर गिर गई।जिसके बाद वहां मौजूद स्टाफ ने दोनों बच्चियों को दौड़कर संभाला। सबसे पहले उन्हें एक तरफ छांव में बैठाया और पानी पिलाकर प्राथमिक उपचार किया। जिसके बाद दोनों बच्चियों की तबीयत स्थिर हुई।
बता दें कि रोहतक के राजीव गांधी खेल परिसर में 76वें गणतंत्र दिवस समारोह के अंतिम पूर्वाभ्यास का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। वहीं रोहतक के डीसी धीरेंद्र खड़गटा मुख्यातिथि के तौर पर पहुंचे। जिन्होंने ध्वजारोहण किया और टुकड़ियों की सलामी ली।
जब पूर्वाभ्यास कार्यक्रम के बाद छात्राएं अपनी प्रस्तुति तैयार कर रही थी तो एक के बाद एक दो बच्चियों को अचानक चक्कर आ गया। छात्राएं धूप में रिहर्सल कर रही थी। इसलिए चक्कर आने का कारण गर्मी बताई जा रही है। वहां पर मौजूद स्टाफ व शिक्षा विभाग की टीम ने छात्राओं को संभाला। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की सेहत में सुधार आया। बता दें कि 26 जनवरी को आयोजित गणतंत्र दिवस जिला स्तरीय समारोह में मुख्यातिथि के तौर पर प्रदेश के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार मुख्य अतिथि होंगे।
