रोहतक। हरियाणा के रोहतक में गढ़ी मोहल्ले में पति ने अपनी प्रेग्नेंट पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। सूचना मिलने के बाद सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआईएमस की मार्चरी में भेज दिया और आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक महिला की पहचान 29 वर्षीय लाली उर्फ सुषमा के रूप में हुई। उसने दो महीने पहले अनीश नाम के युवक से शादी की थी। जिस समय आरोपित ने अपनी पत्नी की हत्या की।
उस समय लाली की सात साल की बेटी भी मौके पर थी। उसने ही सुबह होने पर मकान मालिक को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
मृतका सुषमा के भाई अजीत ने बताया कि उसकी बहन का अपने पहले पति से तलाक हो चुका था। पहले पति से उसकी एक 9 साल की बेटी है। सुषमा पिछले करीब 6 साल से अनीश के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी और दो महीने पहले ही दोनों ने कोर्ट मैरिज की थी।
अजीत के मुताबिक, बुधवार रात करीब 11 बजे अनीश घर पहुंचा, जिसके बाद सुषमा ने उसे खाना दिया। खाना खाने और चाय पीने के बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। झगड़ा इतना बढ़ा कि अनीश ने सुषमा की गला घोंटकर हत्या कर दी।
अजीत ने बताया कि जब अनीश ने इस वारदात को अंजाम दिया, तब उसकी 9 साल की सौतेली बेटी भी घर पर ही मौजूद थी। पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इसके बाद बच्ची ने ही पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। पड़ोसियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति देखी और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सिटी थाना के जांच अधिकारी एएसआई संजीत ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। आरोपी पति अनीश की तलाश की जा रही है। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाने के लिए मृतका की बेटी से भी पूछताछ की है।
अजीत ने बताया कि वह रोहतक के सैंपल गांव के रहने वाले है जबकि अनीश गांव बिसाण का रहने वाला है। लाली ने कभी कुछ नहीं बताया कि उसके साथ कोई मारपीट या अन्य किसी प्रकार की प्रताड़ना हो रही है। उनका भी कभी लाली के जीवन में कोई दखल नहीं था।
अजीत ने बताया कि उसकी बहन करीब 5 महीने की गर्भवती भी थी। अनीश ने गर्भ में पल रहे बच्चे के बारे में भी नहीं सोचा और अपनी पत्नी की हत्या कर दी। उसके साथ गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई, जिसने अभी इस दुनिया में जन्म भी नहीं लिया था। ऐसे व्यक्ति को फांसी की सजा होनी चाहिए।
उधर, इस मामले में सिटी थाना के जांच अधिकारी एएसआई संजीत ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। परिवार की ओर से अभी तक कोई शिकायत नहीं दी गई है। परिवार जिस तरह की शिकायत देगा, उसी आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल, पुलिस आरोपी पति को तलाश कर रही है।

