सोनीपत जिले के गांव असावरपुर में जमीन अधिग्रहण और बुलडोजर कार्रवाई को लेकर शुरू हुआ विवाद अब बड़ा रूप ले चुका है। पिछले करीब 65 घंटे से किसान सुनील मोबाइल टावर पर चढ़कर विरोध कर रहा है।

वीरवार को अधिकारियों और किसान प्रतिनिधियों के बीच बैठक के बाद मुख्यमंत्री से मुलाकात का समय तय हुआ, जिसके लिए आज प्रतिनिधिमंडल चंडीगढ़ रवाना हो गया है। इस मुलाकात से पूरे मामले के समाधान की उम्मीद जताई जा रही है, जबकि गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

किसान सुनील पिछले चार दिनों से करीब 250 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर बैठा है और नीचे उतरने से साफ इनकार कर चुका है। उसके अनुसार जब तक प्रशासन लिखित में बुलडोजर कार्रवाई रोकने या वैकल्पिक जमीन देने का आश्वासन नहीं देता, वह नीचे नहीं आएगा।

वीरवार को एसडीएम और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में किसानों और परिजनों के साथ बैठक हुई थी। इसके बाद मुख्यमंत्री से मिलने का समय तय किया गया। आज किसान प्रतिनिधिमंडल चंडीगढ़ पहुंचकर अधिग्रहित जमीन को रिलीज कराने और जमीन के बदले जमीन देने की मांग रखेगा।

मंगलवार को एचएसवीपी की टीम गांव में करीब 150 अवैध मकानों को हटाने के लिए पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान सबसे पहले सुनील के मकान और उसकी भाभी के स्कूल को निशाना बनाया गया। स्कूल का एक कमरा तोड़े जाने के बाद ग्रामीणों में भारी रोष फैल गया और इसी के विरोध में किसान टावर पर चढ़ गया।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!