पलवल के हथीन-मंडकोला रोड पर बारात की गाड़ियों को रोककर हमला और लूटपाट का मामला सामने आया है। अज्ञात हमलावरों ने दूल्हे की गाड़ी पर हमला कर मारपीट की और सोने के गहने लूट लिए। पुलिस ने दूल्हे के पिता की शिकायत पर तीन नामजद सहित 30 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह घटना 15 अप्रैल को दोपहर करीब दो बजे हुई, जब नूंह के खेड़ाझेरा गांव निवासी राकिम की बारात धौज गांव जा रही थी। मंडकोला के पास, एक बलेनो कार और 8-10 बाइकों पर सवार 25-30 युवकों ने दूल्हे की फॉर्च्यूनर और थार गाड़ियों का रास्ता रोक लिया।

शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने लाठी, डंडे, रॉड और सरियों से गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। उन्होंने दूल्हे के गले से 10 ग्राम सोने की चेन और गाड़ी में रखे सूटकेस से 20 ग्राम सोने की हसली, 20 ग्राम सोने का गुलीबंद और कीमती कपड़े जबरन लूट लिए। दुल्हे के पिता ने आरोपियों द्वारा फायरिंग किए जाने के आरोप भी लगाए हैं।

हमले में फॉर्च्यूनर के ड्राइवर आसिफ को गंभीर चोटें आईं, जिसे हथीन के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूल्हे के पिता सफात की शिकायत के अनुसार हमलावरों में उनका दामाद राहुल निवासी गांव मलाई और उसके भाई अलीम व साहिर शामिल थे। राहुल से उनका पहले से विवाद चल रहा है।

हथीन थाना प्रभारी हरी किशन के अनुसार, दूल्हे के पिता सफात की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। शिकायत में हवाई फायरिंग का आरोप लगाया गया था, लेकिन पुलिस जांच में इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस जांच अधिकारी एएसआई संजय ने मौके का निरीक्षण करने व चश्मदीदों से पूछताछ में गोलीबारी का कोई साक्ष्य या कारतूस का खोल नहीं मिला है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में फॉयरिंग की बात संदिग्ध लग रही है। हथीन थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!