हरियाणा के भिवानी जिले के कोंट गांव में हुक्का भरने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। शराब के नशे में हुए झगड़े के बाद एक युवक की डंडों और लात-घूंसों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के सैदीपुर निवासी करीब 30 वर्षीय राम मोहन के रूप में हुई है। वह भिवानी में मजदूरी करता था और करीब एक साल पहले उसकी शादी हुई थी।

घटना शुक्रवार देर रात करीब साढ़े 11 बजे की है, जब राम मोहन हुक्का भरने के लिए गया था। उसी दौरान वहां मौजूद आरोपी के साथ उसकी कहासुनी हो गई। दोनों ही शराब के नशे में थे, जिसके चलते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि आरोपी ने राम मोहन पर डंडे से हमला किया और उसे लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा।

गंभीर रूप से घायल राम मोहन को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, मृतक के नाक और गुप्तांगों पर भी गंभीर चोटें लगी थीं।

मृतक के चाचा रमाकांत ने बताया कि राम मोहन मजदूरी करने भिवानी आया था और रात करीब 3 बजे उन्हें घटना की सूचना मिली। वहीं, मृतक के रिश्तेदार मनोज कुमार ने बताया कि जब वे अस्पताल पहुंचे तो राम मोहन गंभीर हालत में था।

एक अन्य साथी रतिपाल के अनुसार, घायल अवस्था में राम मोहन ने खुद बताया था कि “कश्मीरी” नाम के युवक ने उसके साथ मारपीट की है। जब रतिपाल ने बीच-बचाव की कोशिश की तो आरोपी ने उसे भी डंडे से हमला कर घायल कर दिया।

पुलिस का बयान:
औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों ने शराब पी रखी थी और इसी दौरान विवाद हुआ। आरोपी ने राम मोहन की नाक के पास डंडा मारा और बाद में लात-घूंसे भी मारे, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने मनोज कुमार के बयान पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवा दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा होगा। फिलहाल, किसी पुरानी रंजिश की बात सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!