दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम में एकतरफा इश्क में युवक ने युवती पर घातक केमिकल फेंक दिया। केमिकल अटैक से युवती को दोनों आंखों की रोशनी बुरी तरह प्रभावित हुई है। वारदात बुधवार रात की है। लोगों ने आरोपी को पकड़ कर पहले उसकी धुनाई की और फिर पुलिस को सौंप दिया। युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पीड़ित युवती का कहना है कि आरोपी उस पर शादी के लिए दबाव बना रहा था, जबकि वह खुद शादीशुदा है। बताया जा रहा है कि आरोपी रिश्ते में पीड़िता की बुआ का लड़का है।
मिली जानकारी के अनुसार जींद निवासी पीड़ित युवती फर्रुखनगर क्षेत्र के सीमावर्ती गांव फतेहपुर स्थित एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती है जो फाजिलपुर मोड़ स्थित पीजी में रहती है। बुधवार रात करीब 8 बजे पीजी के बाहर बैठ कर मोबाइल से किसी परिचित से बात कर रही थी। उसी दौरान एक युवक आया और पीछे से उसके बाल पकड़े और चेहरे पर बोतल में रखा तेजाब डाल दिया। तेजाब डालते ही युवती अपने बचाव में शोर मचाने लगी। आवाज सुनकर PG के अंदर व आसपास रहने वाले लोग बाहर निकले और तुरंत आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और उसकी काफी धुनाई भी की ,साथ ही उसका एक वीडियो बनाकर वायरल भी कर दिया जिसमे आरोपी खुद कबूल करता दिखाई दे रहा है कि कैसे युवती ने उसके साथ फ्रेंडशिप करने से मना किया तो उसने योजनाबद्ध तरीके से उसके चेहरे को झुलसाने के लिए केमिकल अटैक को अंजाम दिया और आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया और युवती को स्थानीय अस्पताल में भर्ती करा दिया। शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
