रोहतक, 25 अक्टूबर। उपायुक्त सतबीर सिंह के मार्गदर्शन में जिला बाल कल्याण परिषद द्वारा बाल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित की जा रही विभिन्न प्रतियोगिताओं में इस बार मेहंदी प्रतियोगिता को भी शामिल किया गया है। यह प्रतियोगिता तृतीय समूह (कक्षा 9वीं एवं 10वीं) तथा चतुर्थ समूह (कक्षा 11वीं एवं 12वीं) के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी कलात्मक प्रतिभा और रचनात्मक कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
जिला बाल कल्याण अधिकारी सोमदत्त खुंडिया एवं कार्यक्रम नोडल अधिकारी अशोक शर्मा ने बताया कि बाल दिवस प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा को निखारना, उनकी रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें अपनी कला एवं कौशल प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करवाना है। परिषद द्वारा आयोजित इन प्रतियोगिताओं में समूह नृत्य, एकल नृत्य, समूह गान, एकल गायन, रंगोली, क्विज सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियां शामिल हैं। इस वर्ष मेहंदी प्रतियोगिता को भी इन गतिविधियों का हिस्सा बनाया गया है, ताकि विद्यार्थियों को अपनी कलात्मक अभिरुचि को प्रदर्शित करने का अतिरिक्त अवसर मिल सके।
उन्होंने बताया कि बाल दिवस प्रतियोगिताएं 22 अक्टूबर से शुरू हो चुकी हैं। इनमें भाग लेने के इच्छुक विद्यार्थी प्रतियोगिता स्थल पर ही अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे इन प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं कौशल का प्रदर्शन करें। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास में वृद्धि और उनकी छिपी हुई प्रतिभाओं को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को अपनी रुचि के अनुसार आगे बढ़ने तथा अन्य प्रतिभागियों से सीखने का अवसर भी मिलता है। जिला बाल कल्याण परिषद का प्रयास है कि प्रत्येक बच्चे को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए उचित मंच मिले और बाल दिवस का आयोजन बच्चों के लिए उत्साह, रचनात्मकता एवं खुशियों से भरपूर यादगार उत्सव बने।
0 0 0 00 0 0
