तीन कृषि कानूनों के विरोध में पिछले 11 माह से चल रहे किसानों के आंदोलन के चलते बंद टिकरी बॉर्डर को खुलवाने के लिए आज हाई लेवल मीटिंग होगी। बहादुरगढ़ के गौरेया पर्यटन केन्द्र में होने वाली हरियाणा सरकार की इस उच्च स्तरीय बैठक में शामिल होने के लिए ASC राजीव अरोड़ा, DGP पीके अग्रवाल, CID चीफ आलोक मित्तल भी शामिल होंगे। बैठक में किसान संगठन के पदाधिकारियों व बहादुरगढ़ के उद्योगपति को बुलाया गया है। टिकरी बॉर्डर बंद होने से सबसे बड़ा नुकसान उद्योगपतियों का हुआ है, क्योंकि जब से आंदोलन शुरू हुआ है, उसी दिन से फैक्ट्रियों में काम बंद है।

दरअसल, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद हरियाणा सरकार ने दिल्ली की सीमाओं पर चल रहे किसानों के आंदोलन के कारण बंद रास्तों को खुलवाने के लिए प्रदेश स्तरीय हाई पावर कमेटी गठित की थी। जिसमें गृह सचिव राजीव अरोड़ा, डीजीपी पीके अग्रवाल, सीआईडी चीफ आलोक मित्तल व एडीजीपी (लॉ एंड ऑडर) के अलावा सोनीपत व झज्जर के डीसी-एसपी को शामिल किया गया। यह हाई पावर कमेटी सोनीपत में एक बैठक भी कर चुकी है, जिसमें किसान संगठनों की तरफ से कोई शामिल नहीं हुआ था। लेकिन बहादुरगढ़ में आज होने वाली बैठक में संयुक्त किसान मोर्चा के पदाधिकारी भी शामिल हो सकते है।

इस मामले को लेकर किसान संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि कानूनी रूप से सरकार अपनी चाल में फंसाने की कोशिश कर रही है। पर किसान षड़यंत्र को समझते है। सरकार ने रास्ता बंद किया है तो वही खोलेगी। अब मामला सुप्रीम कोर्ट के आदेश से जुड़ा है तो सरकार किसानों के कंधे पर बंदूक रखकर चलाना चाहती है। किसान नेताओं ने आज होने वाली बैठक को लेकर स्थिति साफ नहीं की है कि वे लोग बैठक में शामिल होंगे या नहीं पर एक दिन पहले ही टिकरी बॉर्डर के मंच से किसान वक्ता साफ कर चुके है कि तीनों कृषि कानूनों की वापसी समेत अन्य मांगे पूरी नहीं होने तक टिकरी बॉर्डर से नहीं हटेंगे।

टिकरी बॉर्डर पर किसानों के आंदोलन को 11 माह पूरे हो चुके है। आंदोलन की शुरूआत से ही अगर सबसे बड़ा नुकसान किसी को हुआ है तो वह उद्योगपतियों को हुआ है। हजारों करोड़ रुपए का नुकसान उठा चुके उद्योगपति सरकार से लेकर मानव अधिकार आयोग तक गुहार लगा चुके हैं। बहादुरगढ़ में 7 हजार से ज्यादा फैक्ट्रियां है, जिनमें 3 लाख से ज्यादा लोग काम करते हैं। आंदोलन के चलते कई कंपनियों पर ताला भी लटक चुका है। बैठक में उद्योगपति रास्ता खुलवाने की अपील करेंगे। इस बैठक में बहादुरगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की तरफ से सुभाष जग्गा, विकास सोनी, नरेन्द्र छिक्कारा, पवन जैन व हरिशंकर बोहती शामिल होंगे।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!