हिसार-सिरसा हाइवे पर आज अलसुबह ही लांधडी टोल के पास हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। यहां तेज गति से आ रहे डंपर ने सड़क किनारे खड़े युवक को कुचल दिया। मृतक की पहचान गांव लांधड़ी वासी 16 वर्षीय शिवम के रूप में हुई। शिवम अपने स्कूल में जाने के लिए बस के इंतजार में हाइवे किनारे खड़ा था। हादसा इतना भयंकर था कि डंपर शिवम को सड़क पर घसीटते हुए कई दूर तक ले गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही सैंकड़ों की संख्या में ग्रामीण वहां पर इकट्ठे हो गए और हाइवे पर जाम लगा दिया।
जानकारी के अनुसार गांव लांधड़ी वासी शिवम आरोही स्कूल अग्रोहा में जाने के लिए सड़क किनारे खड़ा था। शिवम स्कूल में 12वीं कक्षा का छात्र था। लांधड़ी से फ्रांसी रोड़ की तरफ से तेज गति से आए डंपर ने उसको टक्कर मार दी व शिवम को घसीटता हुआ ले गया। डंपर में बजरी भरी हुई थी और वह लांधड़ी रोड पर बने हाइवे के प्लांट से आ रहा था। हादसा होते ही डंपर चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने मौके पर जाम लगा दियाI जिस कारण से टोल पर कई किलोमीटर लंबी लाइन लग गई ,थाना प्रभारी मनोज कस्वां दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और जाम खुलवाने के लिए ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया ग्रामीणों की मांग है कि ड्राइवर पर हत्या का केस दर्ज किया जाए। वहीं जिस प्लांट का यह डंपर था उसको भी यहां से बंद करवाकर दूसरी जगह शिफ्ट किया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि इस प्लांट के कारण यहां पर अक्सर हादसे होते हैं। खबर लिखे जाने तक ग्रामीण जाम खोलने के लिए तैयार नहीं हुए हैं।
