कल का दशहरा महोत्सव केवल एक आयोजन नहीं था, बल्कि हमारी एकता, सामूहिक शक्ति और सनातन संस्कृति के प्रति हमारी आस्था का एक अद्भुत उदाहरण था।
कल जिस उत्साह, उमंग और श्रद्धा के साथ पूरे सुभाष नगर ने भगवान श्रीराम की भव्य रथ यात्रा में भाग लिया, उसने वास्तव में पूरे क्षेत्र को राममय कर दिया। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो पूरा सुभाष नगर एक परिवार बनकर प्रभु श्रीराम के स्वागत और उत्सव में सम्मिलित हो गया हो।
दशहरे का पर्व हमें केवल रावण दहन का दृश्य नहीं दिखाता, बल्कि यह याद दिलाता है कि अंततः जीत हमेशा सत्य की होती है, अच्छाई की होती है और धर्म की होती है। कल हमने इसी संदेश को अपनी एकजुटता और उत्साह के साथ साकार किया।
मैं एसोसिएशन के प्रत्येक सदस्य, सभी सहयोगियों, बच्चों, मातृशक्ति और सुभाष नगर के प्रत्येक निवासी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से इस आयोजन को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।
विशेष रूप से अपनी पूरी टीम को साधुवाद देना चाहता हूँ। किसी भी बड़े आयोजन की सफलता के पीछे अनेक लोगों की मेहनत, समय, जिम्मेदारी और समर्पण छिपा होता है। आप सभी ने जिस लगन और टीम भावना के साथ कार्य किया, वही इस महोत्सव की असली सफलता है।
आप सभी के इसी प्यार, विश्वास और सहयोग से हमारा हौसला और बढ़ा है। कल हमने एक नई परंपरा को और मजबूत किया है। हमारा प्रयास रहेगा कि आने वाले वर्षों में इस उत्सव को और भी भव्य, यादगार और आकर्षक बनाया जाए। अगली बार भव्य आयोजन के साथ ड्रोन शो भी हमारी योजना का हिस्सा होगा।
अंत में बस इतना ही कहना चाहूँगा कि आयोजन हमारा था, लेकिन उसकी भव्यता आप सभी की थी। मंच हमारा था, लेकिन उसकी शोभा पूरे सुभाष नगर ने बढ़ाई।
आप सभी का पुनः हृदय की गहराइयों से धन्यवाद एवं आभार। 🙏🏻
सादर,
जतिन बत्रा



