गुरुग्राम में सीनियर अकाउंटेंट जागृति बारी ने सीए पति अमित और ससुराल वालों के टॉर्चर व 24 घंटे की डिजिटल जासूसी से तंग आकर वर्ल्डमार्क मॉल की 5वीं मंजिल से कूदकर सुसाइड कर लिया था. पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि वह डिप्रेशन में अपनी शादी बचाने के लिए एक एस्ट्रोलॉजर के उपायों के सहारे थी, जिनके नाकाम होने पर उसने यह कदम उठाया. आरोपी पति गिरफ्तार है.

 जब विज्ञान की डिग्री, सीए पति का रूतबा और देश की नामी कंपनी में सीनियर अकाउंट एग्जिक्यूटिव का पद भी जिंदगी की उलझनों को सुलझाने में नाकाम हो गया, तो 24 साल की जागृति बारी ने उस दुनिया का दरवाजा खटखटाया जहां दावों और चमत्कारों के सहारे टूटे हुए दिलों को जोड़ने की उम्मीद बेची जाती है. गुरुग्राम के वर्ल्डमार्क मॉल की पांचवीं मंजिल से छलांग लगाने वाली जागृति की मौत के मामले में पुलिस के हाथ जो मोबाइल चैट लगी है, उसने इस सुसाइड केस को एक बेहद दर्दनाक और अलग एंगल दे दिया है.

जांच में पता चला है कि कानून, पुलिस या समाज से पूरी तरह आस खो चुकी जागृति पिछले काफी समय से एक एस्ट्रोलॉजर (ज्योतिषी) के संपर्क में थी. वह छिप-छिपकर उस ज्योतिषी से अपनी शादीशुदा जिंदगी को बचाने, कलेश खत्म करने और ससुराल वालों के टॉर्चर से मुक्ति पाने के उपाय पूछ रही थी. उसने किस्मत बदलने के कई टोटके और तरीके भी आजमाए, लेकिन जब सारे उपाय फेल हो गए और चौबीस घंटे की मानसिक प्रताड़ना कम नहीं हुई, तो उम्मीद का आखिरी धागा भी टूट गया और उसने मौत को गले लगा लिया.

यह कहानी शुरू हुई थी 22 नवंबर 2023 को, जब जागृति ने बड़े अरमानों के साथ मेरठ के रहने वाले चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) अमित सिंघल से लव मैरिज की थी. जागृति को लगा था कि उसने अपना हमसफर चुन लिया है, लेकिन उसे क्या पता था कि यह अंतरजातीय विवाह उसके लिए एक ऐसा पिंजरा बन जाएगा जहां सांस लेना भी मुहाल हो जाएगा. अमित के घरवाले इस शादी के सख्त खिलाफ थे, और इसी वजह से शादी के पहले दिन से ही जागृति को ताने, मानसिक उत्पीड़न और शारीरिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा.

जागृति के भाई हार्दिक ने पुलिस को बताया कि उसका पति और ससुराल वाले उसके साथ इतनी बर्बरता से मारपीट करते थे कि उसका शरीर नीले निशानों से भर जाता था. कुछ दिन पहले ही जब उस पर जानलेवा हमला हुआ, तो उसने डर और बेबसी में अपने शरीर पर पड़े चोटों के निशानों की तस्वीरें खींचकर अपनी बहन को व्हाट्सएप पर भेजी थीं, जो अब पुलिस के पास इस प्रताड़ना का सबसे बड़ा सबूत हैं.

एक तरफ शारीरिक टॉर्चर था, तो दूसरी तरफ शक और मानसिक जासूसी का एक ऐसा चक्रव्यूह, जिसने जागृति की प्राइवेसी को पूरी तरह खत्म कर दिया था. पढ़ा-लिखा सीए पति अमित अपनी पत्नी पर अविश्वास की सारी हदें पार कर चुका था. वह चौबीस घंटे जागृति की लाइव लोकेशन ट्रैक करता था कि वह कब ऑफिस पहुंच रही है, कब निकल रही है और किससे मिल रही है. इतना ही नहीं, वह रोज जागृति के फोन की कॉल डिटेल्स खंगालता था और उसके व्हाट्सएप चैट्स पर नजर रखता था. इस डिजिटल जासूसी और लगातार मिलने वाली धमकियों ने जागृति को अंदर से पूरी तरह खोखला कर दिया था. वह भयंकर डिप्रेशन में जा चुकी थी और उसे लगने लगा था कि उसकी जिंदगी के हालात अब कभी नहीं बदलेंगे.

अकेलेपन और हताशा के उस दौर में जागृति को किसी ने एक एस्ट्रोलॉजर के बारे में बताया. जब इंसान हर तरफ से हार जाता है, तो वह अंधविश्वास की तिनके जैसी उम्मीद को भी पकड़ लेता है. जागृति ने भी यही किया. उसने पुलिस या किसी सामाजिक संस्था के पास जाने के बजाय, छिपकर एस्ट्रोलॉजर से बात करना शुरू किया. वह रात-रात भर चैट पर अपनी शादी बचाने की भीख मांगती रही. एस्ट्रोलॉजर उसे कभी पूजा करने, कभी कोई खास उपाय करने की सलाह देता और जागृति आंख मूंदकर उन पर भरोसा करती रही क्योंकि उसे अपनी शादी बचानी थी. लेकिन दिन बीतते गए और टोटके नाकाम होते गए. पति की जासूसी और मारपीट कम होने के बजाय बढ़ती चली गई.

आखिरकार, वह खौफनाक सुबह आ ही गई जब जागृति की सहनशक्ति ने जवाब दे दिया. 13 मई को वो रोज की तरह सेक्टर- 65 स्थित वर्ल्डमार्क मॉल में अपने ऑफिस पहुंची. उसने बकायदा ऑफिस के सिस्टम में अपनी अटेंडेंस दर्ज कराई, ताकि किसी को शक न हो. लेकिन उसके दिमाग में कुछ और ही चल रहा था. अटेंडेंस लगाने के तुरंत बाद वह तेज कदमों से बालकनी की तरफ बढ़ी और पांचवीं मंजिल से नीचे छलांग लगा दी. इतनी ऊंचाई से गिरने के कारण मौके पर ही उसकी सांसें थम गईं और मॉल परिसर चीखों से गूंज उठा.

घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-65 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मृतका के भाई हार्दिक की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपी पति अमित सिंघल को गिरफ्तार कर लिया है. थाना प्रभारी रामबीर ने बताया कि पति इस समय जेल में है, लेकिन जागृति के मोबाइल से मिले एस्ट्रोलॉजर वाले एंगल ने इस बात को साबित कर दिया है कि वह अपनी शादी बचाने के लिए किस कदर तड़प रही थी. पुलिस अब इन सभी चैट्स को कोर्ट के सामने पुख्ता सबूत के तौर पर पेश करने की तैयारी कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!