जींद। हरियाणा के जींद में पुलिस की मुखबरी करने के शक में पड़ोसी परिवार पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तलवार, गंडासी और लाठी-डंडों से लैस करीब 15 हमलावरों ने घर में घुसकर परिवार पर हमला कर दिया। हमले में राजू नाम के युवक की मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव लेने से इनकार कर दिया है।

वारदात के बाद घायलों को जींद के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है।

चोरी के शक में CIA पूछताछ के लिए ले गई थी दो लोगों को

मृतक के भतीजे जसमेर के अनुसार, 18 नवंबर की सुबह गांव के रमेश और सावन के परिवार के कुछ लोगों को CIA की टीम चोरी के शक में पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई थी।

परिजनों का आरोप है कि पड़ोसी परिवार को शक हो गया कि पुलिस को उनके परिवार ने मुखबरी की है। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच तनाव पैदा हो गया।

शाम को घर लौटने के बाद बुलाए साथी, घर में घुसकर किया हमला

जसमेर के मुताबिक, पूछताछ के बाद शाम को संबंधित लोग घर लौट आए। इसके बाद कुछ लोग कार और बाइक पर सवार होकर बाहर से गांव पहुंचे। आरोप है कि करीब 15 लोगों ने घर में घुसकर तलवार, गंडासी और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

हमले में राजू को छाती और सिर पर चार वार किए गए। इसके अलावा उसके भाई कृष्ण, भतीजे नवाद और शंकर को भी चोटें आईं।

परिजनों ने आरोप लगाया कि हमलावर अपने साथ पिस्टल भी लेकर आए थे, लेकिन परिवार के लोगों ने उन्हें इसका इस्तेमाल करने से रोक दिया।

अस्पताल में राजू की मौत, तीन घायलों का इलाज जारी

हमले के बाद चारों घायलों को जींद के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने राजू को मृत घोषित कर दिया, जबकि बाकी तीन घायलों का इलाज जारी है।

सूचना मिलने पर उचाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया।

आरोपियों की गिरफ्तारी तक शव लेने से इनकार

राजू की मौत के बाद परिवार में आक्रोश है। परिजनों ने सभी हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की है। परिवार का कहना है कि जब तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक वे शव नहीं लेंगे।

अस्पताल में परिजन अपनी मांग पर अड़े हुए हैं और पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

SHO बोले- आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी

उचाना थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। परिवार से भी बातचीत की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। मामले में आगे की जानकारी पुलिस प्रवक्ता के माध्यम से दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!