झज्जर में रिश्तों को तार-तार करने वाली एक खबर सामने आई। एक युवक ने शादी समारोह के दौरान अपने ही चाचा ससुर को गोलियों से छलनी कर आरोपी मौके से फरार हो गया। बादली थाना पुलिस ने फरार आरोपी के खिलाफ मर्डर का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी हैं।
रविवार की रात गुरुग्राम जिला के गांव खांडसा से झज्जर जिले के गांव सौंधी में शादी में शामिल होने आए गंगा जीवन उर्फ दीपक की हत्या की गई। आरोप सौंधी गांव निवासी उमेश उर्फ बंटू गुलिया पर लगा। उमेश रिश्ते में गंगा जीवन का चाचा ससुर लगता है। गंगा जीवन के भतीजे माइकल पुत्र बलवान सिंह के अनुसार आरोपी उमेश उसके चाचा की हत्या करने के बाद उनके घर खांडसा भी पहुंचा। जहां उसने उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए मर्डर करने की जानकारी दी।
मिली जानकारी के अनुसार गंगा जीवन गांव सौंधी में अपने परिचित बिजेंद्र पुत्र मूलचंद के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए आया था। जहां बरात के दौरान वारदात की गई। वहीं वारदात के बाद बादली थाना प्रभारी जसवीर सिंह व चौकी प्रभारी मोहम्मद यासिर टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल की टीम ने मौका मुआयना करते हुए तथ्य जुटाए हैं। शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
अभी तक वारदात के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। शुरुआती जांच में यह पता चला है कि गंगा जीवन को 6 गोलियां मारी गई। जिसके बाद वहां पर भगदड़ का माहौल भी बन गया। लेकिन, किसी ने भी आरोपी को नहीं रोका। फिलहाल, पुलिस के स्तर पर आरोपी को गिरफ्तार का प्रयास कर रही है। पुलिस ने इस मामले में मर्डर का केस भी दर्ज कर लिया है। बता दें कि बिजेंद्र के यहां गुरुग्राम जिला के गांव बसई से बरात आई थी। जिसमें यह वारदात अंजाम दी गई है।
