पश्चिमी हवाओं से हरियाणा में बढ़ा पारा: 10 से ज्यादा शहर 35°C के पार, किसानों को एडवाइजरीहरियाणा में मानसून की रफ्तार सुस्त पड़ते ही पश्चिमी हवाओं ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। हवा में बदलाव और दिन में तेज धूप के कारण प्रदेशभर में दिन और रात दोनों के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में औसतन अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 1.9 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है। प्रदेश के 10 से अधिक प्रमुख शहरों व केंद्रों जैसे हिसार, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, गुरुग्राम, सिरसा, नारनौल, कुरुक्षेत्र में अधिकतम पारा 35 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को पार कर गया है।
मानसून के बीच बढ़ते तापमान और हवा में मौजूद नमी (उमस) को देखते हुए कृषि मौसम वैज्ञानिकों ने किसानों व पशुपालकों के लिए विशेष मौसम एडवाइजरी जारी की है।
आगामी दिनों में छिटपुट बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने खड़ी फसलों में फिलहाल सिंचाई रोकने की सलाह दी है। किसानों से कहा गया है कि दवाओं का छिड़काव केवल आसमान साफ रहने पर ही करें
हवा में अधिक नमी और गर्मी के कारण कपास/नरमा की फसल में सफेद मक्खी, चेपा और गुलाबी सुंडी का प्रकोप बढ़ सकता है। यदि सफेद मक्खी का हमला आर्थिक क्षति स्तर पार करे, तो साफ मौसम में सिफारिश की गई कीटनाशक (जैसे फ्लोनिकामिड या अफिडोपायरोपेन) का छिड़काव करें।
