सोनीपत के कुंडली-गाजियाबाद-पलवल (केजीपी) पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर एक ट्रक के अज्ञात वाहन से टकराने का मामला सामने आया है। हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले सोनीपत के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में रोहतक पीजीआई रेफर किया गया।

उपचार के बाद परिजन उसे गाजियाबाद के निजी अस्पताल में ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) के गांव राजौर निवासी सद्दीक ने पुलिस को दी शिकायत के अनुसार उसका पुत्र मन्नू ट्रक नंबर HR-58D-4403 पर ड्राइवर के रूप में काम करता है। वह असम से माल भरकर करनाल की ओर आ रहा था। रात करीब 10:30 बजे जब वह केजीपी पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर कुंडली टोल से करीब 500 मीटर पहले पहुंचा तो सड़क पर एक अज्ञात वाहन बिना लाइट और संकेत के खड़ा था।

सड़क पर बिना संकेत खड़े वाहन के कारण ट्रक चालक को वाहन दिखाई नहीं दिया और उसका ट्रक पीछे से अज्ञात वाहन से टकरा गया। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और चालक मन्नू को गंभीर चोटें आईं।

घायल अवस्था में ही चालक ने पुलिस और एम्बुलेंस को फोन किया। सूचना मिलने पर पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल चालक को सोनीपत के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से डॉक्टरों ने उसे गंभीर हालत में पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। बाद में परिजनों ने उसे गाजियाबाद के आनंद अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार टेलीफोन के माध्यम से सूचना मिली थी कि जाखौली टोल के पास एक ट्रक का एक्सीडेंट हुआ है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो ट्रक नंबर HR58D4403 सड़क किनारे क्षतिग्रस्त हालत में खड़ा मिला, लेकिन उस समय कोई घायल व्यक्ति मौके पर नहीं मिला।

बाद में नागरिक अस्पताल सोनीपत से सूचना मिली कि एक अज्ञात व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल होकर भर्ती हुआ है।
घायल चालक के पिता सद्दीक थाना राई पहुंचे और लिखित शिकायत दी। शिकायत, मेडिकल रिपोर्ट और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 285, 125A और 125B के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!