हरियाणा के रेवाड़ी जिले में दिल्ली रोड स्थत राव अभय सिंह चौक पर सोमवार की सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। घर से कंपनी जाने के लिए निकले बाइक सवार युवक को पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। रोजाना हो रहे हादसों से गुस्साए लोगों ने रोड जाम करने की कोशिश भी की, लेकिन पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शव को अपने कब्जे में लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव मिलकपुर निवासी पंकज सोमवार सुबह अपने घर से कंपनी में ड्यूटी जाने के लिए निकला था। रेवाड़ी शहर के अभय सिंह चौक पर पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पंकज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के वक्त वहां काफी लोग मौजूद थे। ट्रक चालक हादसे के तुरंत बाद फरार हो गया।
लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इससे पहले पुलिस मौके पर पहुंचती, वहां लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। लोगों ने रोड जाम करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने लोगों को समझाकर शव को अपने कब्जे में लिया और नागरिक अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया है।
राव अभय सिंह चौक रेवाड़ी का सबसे खतरनाक चौक है। यहां हर दिन हादसे होते हैं। काफी लंबा चौड़ा चौक होने के बावजूद यहां रेड लाइटें तो लगा दी गईं, लेकिन सभी लाइटें लगने के बाद से ही बंद पड़ी हैं। लोगों का कहना है कि प्रशासन ने भारी वाहनों पर सुबह 7 से रात 8 बजे तक रोक लगाई हुई है। उसके बावजूद सुबह 9 बजे तक रेवाड़ी शहर की प्रमुख सड़कों पर भारी वाहनों दौड़ते नजर आते हैं।
