सोनीपत में एक दर्दनाक हादसे में 10 महीने के बच्चे की पानी में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मां ने बच्चे को दूध पिलाने के बाद उसे सुला दिया था और खुद भी सो गई। इसी दौरान बच्चा घुटनों के बल चलते हुए घर में रखे वाटर टब तक पहुंच गया।
कुछ समय बाद जब परिजनों को बच्चे के बारे में पता चला तो उसे पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
सोनीपत के गांव अकबरपुर बारोटा में किराए के मकान में रहने वाले अनिल (33) ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 12 बजे उसकी पत्नी ललिता, मां और बच्चे कमरे में थे। 10 महीने का बेटा समीर और उसके बड़े भाई का छोटा बेटा भी वहीं था। पत्नी ने समीर को दूध पिलाकर सुला दिया। बच्चे के सोने के बाद वह भी उसके पास सो गई।
अनिल के मुताबिक, घर में पानी इस्तेमाल करने के लिए कमरे से अटैच बाथरूम में टब भरकर रखा जाता था। बुधवार को भी पानी इस्तेमाल करने के लिए बाथरूम में करीब डेढ़ फुट गहरा टब भरकर रखा गया था।
परिजनों के मुताबिक, दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच समीर नींद से उठ गया। उस समय कमरे में मौजूद परिवार के लोग सो रहे थे। परिवार के मुताबिक टब करीब डेढ़ फुट गहरा था। उनका अनुमान है कि बच्चा टब के पास पहुंचकर झुकते समय उसमें गिर गया होगा। पानी में गिरने के बाद वह बाहर नहीं निकल पाया।
करीब 1 बजे ललिता की नींद खुली तो समीर दिखाई नहीं दिया। उसने पहले कमरे में बच्चे को तलाशा। बच्चा नहीं मिला तो उसने अपनी सास और जेठानी को उठाया। परिवार ने बाहर गेट के पास भी बच्चे को ढूंढा, लेकिन गेट बंद था। इसके बाद बाथरूम में जाकर देखा तो समीर पानी से भरे टब के अंदर पड़ा मिला। उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी
सूचना मिलने पर कुंडली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर सोनीपत के सिविल अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद गुरुवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया।
