कैथल जिले के चीका में एक ट्रक ड्राइवर ने सड़क पर जा रहे एक बुजुर्ग व्यक्ति को टककर मार दी। टक्कर लगने से बुजुर्ग की मौत हो गई। मौके पर मौजूद राहगीरों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही चीका पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और परिजनों को सूचित किया।
परिजनों की सहायता से उसे चीका अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां से उसको कैथल नागरिक अस्पताल में रेफर कर दिया गया। वहां पर जांच के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान चीका के रहने वाले 61 वर्षीय गुरबचन सिंह के रूप में हुई है।
चीका थाना एसएचओ संदीप कुमार ने बताया कि हादसा पिहोवा रोड पर हुआ। गुरबचन सिंह चीका पिहोवा रोड पर सुबह करीब 10 बजे पैदल जा रहा था। पीछे चीका की ओर से जा रहे एक ट्रक ने तेजगति व लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसको टक्कर मार दी। उसके बाद ट्रक ड्राइवर अपने वाहन सहित मौके से भाग गया। अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि मृतक व्यक्ति चार बच्चों का पिता था।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। इस संबंध में पुलिस की ओर से परिजनों के बयान दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी ट्रक ड्राइवर की तलाश की जा रही है।
