जींद। हरियाणा के जींद जिले की उचाना तहसील में एक किसान की मौत का मामला सामने आया है। गांव झील निवासी करीब 60 वर्षीय किसान प्रह्लाद ने सोमवार को तहसील परिसर में कथित तौर पर जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, किसान की जेब से एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें तहसीलदार, कानूनगो, पटवारी, एक नंबरदार और उसके भाई पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मृतक के बेटे की शिकायत और सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि प्रह्लाद सोमवार को जमीन से जुड़े किसी काम को लेकर उचाना तहसील पहुंचा था। दोपहर करीब 12 बजे तहसील परिसर में उसकी तबीयत बिगड़ गई। पुलिस उसे उचाना के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंची, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए जींद रेफर कर दिया गया। जींद के नागरिक अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के बेटे सोमपाल ने पुलिस को दी शिकायत में जमीन के बंटवारे से जुड़े विवाद का जिक्र किया है। आरोप है कि प्रह्लाद के भाई ने अपने हिस्से की दो एकड़ जमीन गांव के ही दो लोगों को बेची थी। जमीन की खेवट अलग करने का मामला कमिश्नर की अदालत में विचाराधीन बताया गया है।
परिवार का आरोप है कि जमीन को लेकर प्रह्लाद लंबे समय से परेशान था। शिकायत में राजस्व विभाग से जुड़े तत्कालीन अधिकारियों और अन्य लोगों पर कथित मिलीभगत के आरोप भी लगाए गए हैं। हालांकि, ये सभी आरोप फिलहाल शिकायतकर्ता पक्ष के हैं और इनकी सत्यता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
उचाना थाना प्रभारी चंद्रपाल के मुताबिक, पुलिस ने सुसाइड नोट और मृतक के बेटे की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
