निगम आयुक्त नरेन्द्र कुमार ने बताया कि शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं कचरा मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर निगम रोहतक द्वारा चलाए जा रहे विशेष सफाई अभियान के तहत आज वैश्य कालेज रोड़ पर सफाई करवाई गई, जिस दौरान नगर निगम की सफाई शाखा की टीमों द्वारा क्षेत्र में विशेष सफाई कार्य करवाते हुए सड़क किनारे फैले कूड़े-कचरे, मलबे आदि को उठाकर उनका उचित निस्तारण किया गया।
उन्होंने बताया कि वैश्य कालेज रोड़ शहर का एक महत्वपूर्ण एवं अत्यधिक व्यस्त मार्ग है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों का आवागमन रहता है। ऐसे में इस मार्ग पर स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क किनारे उगी झाड़ियों की सफाई के साथ-साथ सार्वजनिक स्थलों पर जमा कचरे को हटाकर पूरे क्षेत्र को स्वच्छ बनाया गया। नगर निगम द्वारा शहर में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए नियमित रूप से विशेष सफाई अभियान चलायेगा, इन अभियानों का उदेश्य केवल सफाई करवाना ही नहीं, बल्कि नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने की प्रवृत्ति को रोकना भी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो व्यक्ति अथवा संस्थान सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा डालकर गंदगी फैलाते हुए पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध तहत नियमानुसार चालान एवं अन्य आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। स्वच्छ रोहतक एवं सुंदर रोहतक के निर्माण के लिए नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है तथा आमजन के सहयोग से शहर को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने का अभियान निरंतर जारी रहेगा। यहां यह भी बताया जाता है कि नगर निगम द्वारा कूड़ा बिन्दुओ को कम किया जा रहा है तथा कुछ बिन्दु समाप्त भी किए गए है इनमें मुख्यतः दिल्ली रोड़ स्थित डी-पार्क, राज सिनेमा के सामने, सैक्टर-2 मार्किट के साथ, नीली कोठी के साथ आदि।
निगम आयुक्त नरेन्द्र कुमार ने स्पष्ट कहा कि गंदगी फैलाने वालो पर सख्ती से कार्यवाही की जायेगी तथा उन्हे चिन्हित कर चालान किए जायेंगें। सफाई शाखा के अधिकारियो व कर्मचारियो को निर्देशित किया जा चुका है कि निरंतर निरीक्षण कर गंदगी फैलाने वालो पर कार्यवाही करें। आज भी टीम द्वारा गंदगी फैलाने वाले पर कार्यवाही करते हुए 5000 रूपये का चालान किया गया।
निगम आयुक्त ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है, इसलिए आप भी गंदगी फैलाने वालो को रोके-टोके या उसके फोटो/विडियो सांझा करें, नगर निगम की टीम द्वारा तुरंत सम्बन्धित के विरूद्व कार्यवाही की जायेगी। इसके अतिरिक्त नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराई जा रही कूड़ा संग्रहण सेवाओं का उपयोग करें, कूड़ा इधर-उधर न फेंकें तथा सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने में अपना योगदान दें।



