भिवानी जिले के तोशाम में ‘नारी शक्ति वंदन अभियान’ के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी मुख्यातिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम के दौरान तोशाम के तिकोना पार्क से चौधरी सुरेंद्र सिंह की प्रतिमा तक दोपहर करीब 12 बजे 38 डिग्री सेल्सियस तापमान में पदयात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
मंच से संबोधित करते हुए श्रुति चौधरी ने भावनात्मक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जब उनके पिता का निधन हुआ था, तब चौधरी बंसीलाल ने उन्हें पगड़ी पहनाई थी। उन्होंने कहा कि अगर वे आज जीवित होते तो बहुत खुश होते, और यह सब मजबूत नेतृत्व के कारण ही संभव हो पाया है
कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने महिला आरक्षण बिल को लेकर पीएम मोदी की सराहना की। इस दौरान उन्होंने अपनी टिकट कटने की टीस जाहिर कर कांग्रेस की पोल खोली। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सांसदों ने मुझे जो कुछ कहा, वो इस बिल के बाद किसी को नहीं कह पाएंगे।
श्रुति चौधरी ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के सर्वे में वह सबसे आगे थीं, लेकिन इसके बावजूद उनका टिकट काट दिया गया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें न सिर्फ टिकट दिया, बल्कि सम्मान और मंत्रालय भी दिया, जो क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान कुछ कांग्रेस सांसदों की ओर से ऐसी टिप्पणियां की गईं कि “बेटी नहीं, बेटा ही विरासत आगे बढ़ा सकता है”, लेकिन अब इस सोच को हमेशा के लिए खत्म किया जाएगा और महिलाओं के खिलाफ इस तरह की बातें बर्दाश्त नहीं होंगी।
श्रुति चौधरी ने कहा कि उन्हें राजनीति में 15 साल हो चुके हैं, वह सांसद भी रह चुकी हैं और चार चुनाव लड़ चुकी हैं। इसके बावजूद उनके अनुभव को नजरअंदाज किया गया। उन्होंने इसे अपने लिए भावनात्मक क्षण बताते हुए कहा कि आज का दिन उनके लिए खास है, क्योंकि मातृशक्ति को सम्मान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को अधिकार देने और आगे बढ़ाने का काम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुआ है, जिससे महिलाओं की भागीदारी और सशक्तिकरण को मजबूती मिली है।
देश की लोकसभा व हर विधानसभा में महिलाओं की 33 फिसदी भागीदारी तय करने के लिए देश की संसद में महिला आरक्षण बिल लाया जा रहा है। इसको लेकर भाजपा जिला स्तर पर नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत जागरूक कार्यक्रम कर रही है। तोशाम कस्बा में आयोजित ऐसे ही जिला स्तरीय कार्यक्रम में हरियाणा की महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने शिरकत की।
उन्होंने महिला उत्थान के सराहनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित कर पैदल यात्रा निकाली।

