हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा क्षेत्र के स्याणा सैदां गांव में एक तालाब से नवजात शिशु का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव करीब 5 दिन पुराना बताया जा रहा है और पानी में पड़े रहने के कारण बुरी तरह गल चुका था।
जानकारी के अनुसार, गांव के कुछ लोग रात के समय तालाब के पास गए थे, जहां झाड़ियों के बीच उन्हें एक शव दिखाई दिया। पहले इसे किसी जानवर का शव समझा गया, लेकिन मोबाइल की टॉर्च से देखने पर नवजात होने का पता चला। इसके बाद तुरंत सरपंच और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। जांच में सामने आया कि नवजात के कई अंग गायब थे। आशंका जताई जा रही है कि पानी में पड़े रहने के दौरान जलीय जीवों ने शव को नोंच लिया।
फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. गौरव कौशिक के मुताबिक, नवजात का जन्म पूर्ण अवधि का था, लेकिन मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पानी में डूबने की आशंका की जांच के लिए हड्डियों के सैंपल डायटम टेस्ट और डीएनए जांच के लिए सुरक्षित किए गए हैं।
फिलहाल पुलिस ने पिहोवा थाना सदर में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती अंदेशा है कि जन्म के बाद नवजात को तालाब में फेंका गया होगा। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
