हिसार/हरियाणा। हरियाणा में सर्दी ने अचानक रफ्तार पकड़ ली है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 2.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। रात के तापमान में गिरावट के चलते सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ने लगी है।

मंगलवार को हिसार और पंचकूला प्रदेश के सबसे ठंडे इलाकों में रहे, जहां न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के 9 जिलों में रात का तापमान 11 डिग्री या इससे नीचे पहुंच गया है।

वहीं, इस बार कोहरा भी सामान्य समय से करीब 25 दिन पहले दस्तक दे रहा है। मौसम विभाग ने 19 से 21 नवंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में घने कोहरे की संभावना जताई है। 19 नवंबर को 13 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

9 जिलों में 11 डिग्री या इससे नीचे पहुंचा तापमान

प्रदेश में रात के समय ठंड तेजी से बढ़ रही है। मंगलवार को विभिन्न जिलों में न्यूनतम तापमान इस प्रकार दर्ज किया गया:

  • हिसार: 9.6°C
  • पंचकूला: 9.6°C
  • महेंद्रगढ़: 10.0°C
  • यमुनानगर: 10.1°C
  • करनाल: 10.2°C
  • रेवाड़ी: 10.2°C
  • कैथल: 10.5°C
  • झज्जर: 10.8°C
  • अंबाला: 11.0°C

हिसार के बालसमंद में न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री और नारनौल में 10.5 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि दिन के समय तापमान अभी भी अपेक्षाकृत सामान्य बना हुआ है। भिवानी में अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

19 नवंबर को 13 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 18 नवंबर को प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। इसके बाद 19 नवंबर को कई जिलों में कहीं-कहीं घना कोहरा छा सकता है।

इन जिलों में पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह शामिल हैं।

कोहरे के कारण सुबह के समय दृश्यता कम हो सकती है। वाहन चालकों को सावधानी बरतने, धीमी गति से वाहन चलाने और फॉग लाइट का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

21 नवंबर तक मौसम शुष्क, तापमान में और गिरावट संभव

मौसम विभाग के अनुसार 21 नवंबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अगले 3-4 दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड का असर बढ़ेगा।

किसानों के लिए कृषि सलाह जारी

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार और मौसम विभाग की एग्रोमेट एडवाइजरी यूनिट ने मौसम को देखते हुए किसानों को सरसों, राया और चने की बिजाई करने की सलाह दी है।

सरसों व राया की बिजाई के लिए RH 30, RH 0749, RH 0406, वरुणा और लक्ष्मी किस्मों का सुझाव दिया गया है। वहीं चने के लिए सिंचित क्षेत्रों में C 235 और HC 5 तथा बारानी क्षेत्रों में HC 1 किस्म की बिजाई की सलाह दी गई है।

कपास की चुगाई सुबह ओस सूखने के बाद करने, धान की कटाई से करीब 2 सप्ताह पहले सिंचाई बंद करने और पराली नहीं जलाने की सलाह दी गई है। पशुपालकों को भी ठंड से बचाव के लिए पशुओं को शेड में रखने की सलाह दी गई है।

प्रदेश में तापमान में लगातार गिरावट और कोहरे की दस्तक के साथ अब सर्दी का असर धीरे-धीरे तेज होने लगा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!