फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में पत्नी पर मानसिक प्रताड़ना और शक करने का आरोप लगाकर वीडियो बनाने के बाद 24 वर्षीय युवक लापता हो गया। युवक की बाइक और मोबाइल आगरा नहर के कटला पुल के पास मिले हैं। पुलिस और SDRF की टीम नहर में युवक की तलाश कर रही है, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है।

लापता युवक अरमान खान गांव मवई का रहने वाला है। वह जोमैटो में डिलीवरी का काम करने के साथ बीफार्मा की पढ़ाई भी कर रहा था। परिजनों का आरोप है कि उसकी पत्नी आलिया उस पर लगातार शक करती थी और उसकी हर गतिविधि पर नजर रखती थी।

डिलीवरी करने भी पत्नी साथ जाती थी

अरमान के पिता अख्तर खान के अनुसार, पत्नी को अरमान के चरित्र पर शक था। आरोप है कि वह देर रात अरमान के साथ बाइक पर जोमैटो की डिलीवरी करने जाती थी, ताकि यह पता लगा सके कि वह वास्तव में काम पर जा रहा है या किसी अन्य व्यक्ति से मिलने।

परिजनों का आरोप है कि अरमान को फोन कॉल और बातचीत का हिसाब देना पड़ता था। यहां तक कि वॉशरूम में मोबाइल लेकर जाने और वहां 5 मिनट से ज्यादा रुकने को लेकर भी पत्नी रोक-टोक करती थी।

घर नहीं लौटा तो पत्नी ने 182 बार कॉल की

परिजनों के मुताबिक, सोमवार रात अरमान घर नहीं लौटा। इसके बाद पत्नी ने उसे लगातार फोन किए। आरोप है कि उसने 182 बार कॉल की, लेकिन अरमान ने फोन नहीं उठाया।

बाद में अरमान का एक वीडियो सामने आया, जिसमें उसने पत्नी पर मानसिक रूप से परेशान करने और परिवार से अलग करने के आरोप लगाए। वीडियो के बाद उसकी तलाश शुरू की गई।

शादी के बाद विवाद, तीन बार हुई पंचायत

अरमान और आलिया की शादी करीब साढ़े 9 महीने पहले हुई थी। परिजनों के मुताबिक, शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गए थे। मामले को सुलझाने के लिए तीन बार पंचायत भी हुई।

करीब एक महीने से अरमान पत्नी के साथ परिवार से अलग किराए के मकान में रह रहा था। परिजनों का आरोप है कि घरेलू विवाद के कारण वह मानसिक रूप से परेशान था और उस पर कर्ज भी बढ़ गया था। आलिया करीब 8 महीने की गर्भवती बताई जा रही है।

वीडियो में लगाए गंभीर आरोप

अरमान ने वीडियो में पत्नी पर हर बात का हिसाब मांगने, माता-पिता और भाई-बहनों से अलग करने तथा परेशान करने के आरोप लगाए। उसने अपनी परेशानी का जिक्र करते हुए परिवार और पत्नी को संबोधित किया।

नहर में तलाश जारी

फरीदाबाद के खेड़ी थाना प्रभारी राकेश के मुताबिक, अरमान और उसकी पत्नी के बीच पहले भी विवाद हुआ था। करीब सात महीने पहले झगड़े के बाद पुलिस ने दोनों को समझाकर मामला शांत कराया था।

पुलिस के अनुसार, अरमान को नहर में जाते हुए किसी ने नहीं देखा है। कटला पुल के पास उसकी बाइक और मोबाइल मिलने के बाद SDRF की मदद से नहर में तलाश की जा रही है। युवक के मिलने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!