पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राजपुरोहित ने बताया कि डिजिटल युग में जहां तकनीक ने लोगों के जीवन को आसान बनाया है वहीं साइबर अपराधियों ने भी ठगी के नए-नए तरीके विकसित कर लिए हैं। प्रदेश सहित देशभर में इन दिनों साइबर अपराधियों द्वारा “म्यूल अकाउंट्स” के माध्यम से बड़े पैमाने पर ऑनलाइन धोखाधड़ी को अंजाम दिया जा रहा है। इस गंभीर साइबर खतरे को देखते हुए आमजन को सतर्क करते हुए कहा है कि थोड़े से लालच या लापरवाही के कारण कोई भी व्यक्ति अनजाने में साइबर अपराधियों का सहयोगी बन सकता है। पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राजपुरोहित ने बताया कि साइबर अपराधी अब बेरोजगार युवाओं, छात्रों, गृहिणियों तथा पार्ट-टाइम रोजगार की तलाश कर रहे लोगों को निशाना बना रहे हैं। ठग सोशल मीडिया, मैसेजिंग एप्स, टेलीग्राम चैनलों, फर्जी जॉब पोर्टलों तथा अन्य ऑनलाइन माध्यमों के जरिए लोगों को घर बैठे कमाई, पार्ट-टाइम जॉब, कमीशन आधारित कार्य अथवा आसान आय का लालच देते हैं। इसके बाद वे लोगों से उनके बैंक खाते, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड, मोबाइल नंबर, इंटरनेट बैंकिंग विवरण अथवा यूपीआई आईडी का उपयोग करने की अनुमति मांगते हैं। उन्होंने बताया कि कई मामलों में अपराधी खाताधारक को कुछ हजार रुपये का लालच देकर उसके खाते का उपयोग अपने अवैध लेन-देन के लिए करते हैं। इसके माध्यम से साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि को एक खाते से दूसरे खाते में स्थानांतरित किया जाता है, जिससे अपराधियों की वास्तविक पहचान छिपी रहे। यही खाते आगे चलकर मनी लॉन्ड्रिंग, ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, निवेश घोटालों, फर्जी लोन ऐप अपराधों तथा अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराध नेटवर्क से जुड़े लेन-देन में इस्तेमाल किए जाते हैं।
क्या होता है म्यूल अकाउंट?
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि “म्यूल अकाउंट” ऐसा बैंक खाता होता है जो किसी आम नागरिक के नाम पर खुला होता है, लेकिन उसका संचालन या उपयोग साइबर अपराधियों द्वारा अवैध धनराशि के लेन-देन के लिए किया जाता है। कई बार खाताधारक को यह जानकारी तक नहीं होती कि उसका बैंक खाता किसी साइबर अपराध में उपयोग किया जा रहा है। हालांकि कानून की नजर में ऐसा खाता अपराध की जांच का हिस्सा बन जाता है और संबंधित खाताधारक को भी पूछताछ, जांच अथवा कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि साइबर अपराधियों का उद्देश्य स्वयं सामने आए बिना दूसरों के खातों का उपयोग करके अपनी पहचान छिपाना होता है। इसलिए नागरिकों को विशेष रूप से सावधान रहने की आवश्यकता है।
युवाओं को बनाया जा रहा प्रमुख निशाना
एसपी गौरव राजपुरोहित ने बताया कि हाल के समय में ऐसे मामलों में तेजी से वृद्धि हुई है, जिनमें छात्रों और बेरोजगार युवाओं को आसान कमाई का लालच देकर उनके बैंक खाते और डिजिटल पहचान का दुरुपयोग किया गया। कई लोग अनजाने में अपने खाते, यूपीआई आईडी या सिम कार्ड दूसरों को उपयोग करने के लिए दे देते हैं, जिसके बाद वे स्वयं भी कानूनी परेशानियों में घिर जाते हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी वैध संस्था, कंपनी या नियोक्ता किसी व्यक्ति के बैंक खाते का उपयोग अपने लेन-देन के लिए नहीं करता। यदि कोई व्यक्ति या संस्था ऐसा प्रस्ताव देती है तो यह साइबर अपराध का स्पष्ट संकेत हो सकता है।
रोहतक पुलिस की नागरिकों से महत्वपूर्ण अपील
- अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड, मोबाइल नंबर, यूपीआई आईडी अथवा इंटरनेट बैंकिंग से संबंधित जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें।
- पार्ट-टाइम जॉब, घर बैठे कमाई, केवाईसी अपडेट, ऑनलाइन सर्वे, निवेश योजना या अन्य किसी बहाने से मांगी गई निजी जानकारी देने से बचें।
- अपने बैंक खाते में किसी अज्ञात व्यक्ति की राशि प्राप्त होने अथवा खाते के उपयोग का प्रस्ताव मिलने पर तुरंत सावधानी बरतें।
- किसी भी परिस्थिति में अपने बैंक खाते का उपयोग दूसरे व्यक्ति के लेन-देन के लिए न होने दें।
- यदि कोई व्यक्ति आपके खाते या यूपीआई आईडी का उपयोग करने की बात करता है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।
- अपने मोबाइल नंबर से जारी सिम कार्ड किसी अन्य व्यक्ति को उपयोग करने के लिए न दें।
संदिग्ध गतिविधि की तुरंत करें शिकायत
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को साइबर ठगी, फर्जी जॉब ऑफर, संदिग्ध बैंकिंग गतिविधि या म्यूल अकाउंट्स से संबंधित कोई जानकारी प्राप्त होती है, तो तत्काल कार्रवाई करना बेहद आवश्यक है। ऐसे मामलों में पीड़ित अथवा सूचना देने वाला व्यक्ति राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत कॉल कर सकता है। इसके अतिरिक्त भारत सरकार के साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। साथ ही निकटतम पुलिस थाना मे जाकर अपनी शिकायत दर्ज करे।
उन्होंने कहा कि साइबर अपराध के मामलों में समय पर दी गई सूचना न केवल आर्थिक नुकसान को कम कर सकती है, बल्कि अपराधियों तक पहुंचने में भी पुलिस की सहायता करती है।
पुलिस का संदेश
साइबर अपराधियों के तरीके लगातार बदल रहे हैं, इसलिए नागरिकों को भी जागरूक और सतर्क रहने की आवश्यकता है। थोड़े से लालच या लापरवाही के कारण व्यक्ति न केवल आर्थिक नुकसान का शिकार हो सकता है, बल्कि कानूनी जांच के दायरे में भी आ सकता है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा, “सतर्क रहें, जागरूक बनें और अपने बैंक खाते, सिम कार्ड तथा डिजिटल पहचान की सुरक्षा स्वयं करें। याद रखें, आपका खाता आपकी जिम्मेदारी है। साइबर ठगों के जाल से बचाव ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।”
