जिला रोहतक में चार वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ ग़लत हरकत करने का मामला सामने आया था। माता पिता द्वारा स्कूल प्रशासन और विद्यार्थियों पर आरोप लगाए गए थे। अस्पताल से रुक्का प्राप्त होने पर बच्ची के परिजनों से संपर्क किया गया जिस पर बच्ची के माता पिता ने एक शिकायत दिनांक 16.09.2026 को दी। जिसके आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। माता पिता द्वारा बताये गये आधार पर जांच में पहले सामने आया की स्कूल में छात्रों पर गलत हरकत के आरोप लगाये गये। डीएसपी महम तनुज शर्मा के नेतृत्व में गठित विशेष अनुसंधान टीम द्वारा मामले की गहनता से जांच व पूछताछ की गई। मेडिकल परीक्षण के दौरान डॉक्टरों द्वारा की गई गहन जांच से यह स्पष्ट था कि बच्ची के साथ दरिंदगी हुई है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर स्कूल प्रबंधन, अध्यापकों अन्य स्कूल कर्मियों व विद्यार्थियों से गहनता से पूछताछ की गई व स्कूल के सीसीटीवी फुटेज की अत्यंत बारीकी से बार बार जांच की गई। उपरोक्त पूछताछ व फुटेज जांच से कोई साक्ष्य सामने नहीं आए। इसके बाद गठित एसआईटी ने जांच का दायरा बढ़ाने का फैसला लिया। बच्ची के पिता से पूछताछ के दौरान उसके मोबाइल फोन की जांच में यह तथ्य सामने आया कि वह एक पोर्न एडिक्ट था और उसने यह स्वीकार भी किया कि उसे पोर्न विडियो देखने की लत थी। इस घटनाक्रम के बाद विशेष अनुसंधान टीम की बच्ची के पिता पर संदेह हुआ जिसकी पुष्टि के लिए सीडब्ल्यूसी के सम्मुख नाबालिग बच्ची की पुनः काउंसिलिंग की गई जिसमें बच्ची द्वारा बताया गया की उसने अपने माता पिता के कहने पर ही स्कूल पर आरोप लगाए थे। बच्ची ने उपरोक्त काउंसिलिंग और माननीय न्यायालय में दिए गए बयानों में बताया की उसके पिता द्वारा ही उसके साथ ग़लत हरकत की गई थी जिसके बारे में उसकी माता को भी पता था। बच्ची के माता पिता से गहनता से व तथ्यों के आधार पर पूछताछ की गई। बच्ची द्वारा लगाये गये आरोप सत्य पाए गए। आरोपी पिता व माता को गिरफ्तार किया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
