मुंबई:फिल्म अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोली चली है. राहत की बात यह है कि टाइगर श्रॉफ पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है. मुंबई पुलिस के डीसीपी ने इस घटना की पुष्टि की है. उनके अनुसार, जुहू पुलिस स्टेशन के अंतर्गत फायरिंग की घटना हुई. टाइगर श्रॉप की गाड़ी पर गोली चलायी गयी थी. पुलिस प्रशासन मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की जांच में जुट गया है.
अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई इस फायरिंग के बाद मुंबई में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राजनीतिक पारा गरमा गया है. कांग्रेस प्रवक्ता सचिन सावंत ने राज्य की महायुति सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए गुस्से में सवाल उठाया है, “आखिर मुंबई में चल क्या रहा है?”
सचिन सावंत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा करते हुए हालिया घटनाओं का जिक्र किया. उन्होंने एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या, अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग और कई फिल्म अभिनेताओं व निर्माताओं को मिल रही लगातार धमकियों का हवाला दिया. सावंत ने आरोप लगाया कि मुंबई में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और राज्य के मुख्यमंत्री कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल साबित हुए हैं.
हमले के कुछ ही घंटे बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई। इसमें विदेश में बैठे गैंगस्टर अनिल पंडित और हरमन संधू ने जिम्मेदारी ली। मामला लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जोड़ा जा रहा है। पोस्ट हिंदी में थी। उसमें लिखा था कि टाइगर को फोन करके समझाया गया था पर वह नहीं समझे। इसलिए आज अच्छे से समझा दिया गया। अनिल पंडित ने यह भी धमकाया कि मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में जो भी उनकी बात नहीं मानेगा या सलमान खान के साथ काम करेगा अगला नंबर उसका होगा। पुलिस ने इस पोस्ट की सच्चाई पर अभी मुहर नहीं लगाई है। जुहू थाने में मामला दर्ज है और कई टीमें जांच में लगी हैं। हमलावरों की तलाश जारी है।
