रोहतक, 24 जुलाई। वरिष्ठ कांग्रेस नेता गुलशन डंग ने कहा कि देश में लोकतांत्रिक मूल्यों पर लगातार हो रहे हमले और छात्रों की आवाज को दबाने की कोशिशों के विरोध में कांग्रेस पार्टी 25 जुलाई को रोहतक में एक विशाल रोष प्रदर्शन आयोजित करेगी। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन माननीय सांसद श्री दीपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व तथा माननीय विधायक श्री भारत भूषण बत्रा की मौजूदगी में आयोजित किया जाएगा। प्रदर्शन सायं 4 बजे रोहतक कांग्रेस भवन से शुरू होकर शहीद भगत सिंह जी की प्रतिमा, भिवानी स्टैंड तक निकाला जाएगा।
गुलशन डंग ने कहा कि हाल ही में दिल्ली में अपने अधिकारों और भविष्य की मांग को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर जिस प्रकार बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया गया, वह लोकतंत्र पर सीधा हमला है। छात्रों की जायज़ मांगों को सुनने के बजाय उन पर बल प्रयोग करना केंद्र सरकार की असहिष्णु और दमनकारी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात शांतिपूर्वक रखना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन मोदी सरकार लगातार विरोध की हर आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है।
गुलशन डंग ने कहा कि सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा हमेशा युवाओं, किसानों, मजदूरों और आम जनता की आवाज को मजबूती से उठाते रहे हैं। उनके नेतृत्व में होने वाला यह रोष प्रदर्शन केवल छात्रों पर हुए अत्याचार के खिलाफ ही नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने, संविधान की भावना पर प्रहार करने और जनता की आवाज को दबाने वाली नीतियों के खिलाफ भी एक सशक्त संदेश देगा।
गुलशन डंग ने रोहतक और आसपास के क्षेत्रों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, छात्र संगठनों, युवा साथियों, सामाजिक संगठनों तथा लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले सभी नागरिकों से अपील की कि वे 25 जुलाई को सायं 4 बजे रोहतक कांग्रेस भवन पहुंचकर इस विशाल रोष प्रदर्शन में बढ़-चढ़कर भाग लें। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी लोकतंत्र की मजबूती और छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए एक मजबूत संदेश देगी।
