हरियाणा के रोहतक जिले के कलानौर थाना क्षेत्र में रोड किनारे बने एक पेट्रोल पंप पर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया गया । एक ही बाइक पर आए चार बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर सेल्समैन से कैश लूट लिया। इसके बाद पेट्रोल पंप का ऑफिस भी खंगाला। वहां कैश न मिलने पर बदमाश बाइक पर हथियार लहराते हुए फरार हो गए। पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। सेल्समैन ने थाना कलानौर पुलिस को शिकायत देकर बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।
कलानौर में रोड किनारे फौजी किसान सेवा केंद्र पेट्रोल पंप पर कार्यरत सेल्समैन प्रमोद ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार शाम 6 बजे जब वह पंप पर अकेला था। चार युवक हीरो डीलक्स बाइक पर आए। बाइक चला रहे युवक ने हेलमेट पहन रखा था। बाकी ने जैकेट पहनने के साथ मास्क भी लगा रखे थे। बाइक चला रहे युवक ने अपनी जेब से 200 रुपए का नोट निकालते हुए पेट्रोल डालने के लिए कहा। पेट्रोल डालने के बाद उसने 200 रुपए का नोट दे दिया। जैसे ही वह 200 के नोट को अपनी जेब में रखने लगे तो दूसरे बाइक सवार ने उस पर पिस्तौल तान दी। पीछे बैठे तीन बदमाशों ने भी चाकू, छुरी आदि निकाल ली। पिस्तौल के बल पर जेब से करीब 8 हजार रुपए कैश निकाल लिया। इसके बाद बदमाश पिस्तौल ताने हुए ही पेट्रोल पंप ऑफिस की ओर बढ़ गए।
4 में से 2 बदमाश पेट्रोल पंप ऑफिस में दाखिल हो गए। इसके बाद उन्होंने मेज की दराज, अलमारियां, इंजन ऑयल की कैरेट को खंगाला। वहां कैश न मिलने पर दोनों बाहर निकल आए। इस बीच दो बदमाश बाहर खड़े होकर निगरानी करते रहे। ऑफिस में लगे सीसीटीवी में वे भी कैद हो गए। इसके बाद चारों बदमाश अपनी बाइक पर सवार होकर हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
बदमाशों के जाने के बाद सेल्समैन प्रमोद ने अपने साथी सेल्समैन सोमबीर को फोन पर वारदात की सूचना दी। सोमबीर उस वक्त घर खाना खाने गया हुआ था। सूचना मिलते ही वह बदमाशों के पीछे गया, लेकिन वे चकमा देकर फरार होने में कामयाब हो गए। सोमबीर का कहना है कि बदमाश आसपास के इलाके के ही हो सकते हैं। उन्हें यहां के रास्ते अच्छे से मालूम होंगे। वह मुख्य सड़क को छोड़, खेतों के रास्ते निकल गए होंगे। मामले में कलानौर थाना पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है। जल्द ही वह गिरफ्त में होंगे।

