हरियाणा के रोहतक शहर में न्यू ईयर की रात जश्न पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहा। हालांकि इस बीच में कुछ शराब तस्कर और हथियारबंद युवक बाज नहीं आए। पुलिस ने शहर में गश्त के दौरान अलग-अलग जगह से दो शराब तस्कर और दो हथियारबंद युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इन पर केस दर्ज कर लिया है।जांच की जा रही है।
रोहतक शहर में गोल्ड आई टीआई ग्राउंड के पास शुक्रवार मध्य रात्रि को पुलिस को एक युवक लेबर चौक की ओर से आता हुआ दिखा। युवक को रोकने की कोशिश की तो वे तेज कदमों से चलने लगा। पुलिस ने युवक को पकड़ कर उसकी तलाशी ली उसकी पेंट की दोनों जेब से एक एक पिस्तौल बरामद हुई है। पूछताछ में युवक ने अपना नाम नासिब निवासी गांव सांघी बताया है।आरोपी पर आर्य नगर थाना में केस दर्ज कर जांच की जा रही है। इसी तरह पुलिस ने राजीव गांधी स्टेडियम के पास सचिन उर्फ भोलू नाम के युवक को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक देसी कट्टा बरामद हुआ। दो जिंदा कारतूस भी मिले। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
थाना लाखन माजरा क्षेत्र में चांदी रोड पर पुलिस को शुक्रवार देर रात एक युवक कंधे पर प्लास्टिक का बोरा ले जाते हुए दिखा। युवक को रोककर बोरे को चेक किया गया तो उसमें 10 बोतल देसी शराब भरी हुई थी। पूछताछ में उसने अपना नाम राजकुमार निवासी चांदी बताया। आरोपी पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है। इधर सांपला बस अड्डे के पास भी पुलिस को एक युवक बुरे के साथ जाता हुआ दिखा। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार लेकर बोरे की तलाशी ली तो उसमें भी 10 बोतल शराब मिली। आरोपी ने अपना नाम दीपक निवासी गांव इस्माईला बताया है। इससे पूछताछ की जा रही है।
