रोहतक की राजेंद्र कॉलोनी में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सूचना के मुताबिक शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मायके पक्ष की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान गांव निंदाना निवासी ज्योति के रूप में हुई है, जिसकी शादी 17 जुलाई 2018 को कृष्ण पुत्र राजबीर कादयान के साथ हुई थी। मृतका के मायके पक्ष के मुताबिक शादी के बाद से ही उसे ससुराल पक्ष द्वारा मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा। भाई राकेश के मुताबिक ससुर की नीयत ठीक नहीं थी और कई बार परिवार में विवाद की स्थिति बनी रही। उनका यह भी कहना है कि पहले और दूसरे बच्चे के जन्म के दौरान भी महिला को पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। परिजनों के मुताबिक घटना के समय मृतका का शरीर नीला पड़ा हुआ था और दांत टूटे हुए मिले, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। भाई का कहना है कि यदि यह गिरने का मामला होता तो सिर पर चोट के निशान होने चाहिए थे, लेकिन ऐसा नहीं पाया गया। मृतका की बहन के मुताबिक पहले भी ससुर पर कुल्हाड़ी से हमला करने का आरोप लगाया गया था और इसकी जानकारी पुलिस को दी गई थी।पड़ोस से मिले व्हाट्सएप मैसेज के मुताबिक परिजन मौके पर पहुंचे और महिला को मृत अवस्था में पाया।पुलिस के मुताबिक मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
