एंटरटेनमेंट डेस्क। रणबीर कपूर और यश स्टारर फिल्म ‘रामायण’ ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया है। फिल्म रिलीज के महज 14 दिनों में दुनियाभर में 1,500 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई करने वाली सबसे तेज भारतीय फिल्म बन गई है। फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 1,519.05 करोड़ रुपये पहुंच गया है।

इससे पहले यह रिकॉर्ड रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ के नाम था, जिसने 16 दिनों में 1,500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया था। ‘रामायण’ ने यह उपलब्धि दो दिन पहले हासिल कर ली।

भारत में 1,000 करोड़ कमाने वाली छठी भारतीय फिल्म

सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, ‘रामायण’ का भारत में ग्रॉस कलेक्शन 1,009.05 करोड़ रुपये हो गया है। इसके साथ ही यह घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 1,000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली छठी भारतीय और तीसरी हिंदी फिल्म बन गई है।

इससे पहले ‘धुरंधर’, ‘धुरंधर 2’, ‘बाहुबली 2’, ‘KGF 2’ और ‘पुष्पा 2’ यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं।

भारत में 844 करोड़ से ज्यादा नेट कमाई

फिल्म ने रिलीज के 14वें दिन भारत में 23.20 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही भारत में इसका कुल नेट कलेक्शन 844.40 करोड़ रुपये हो गया है।

फिल्म की कमाई का भाषावार आंकड़ा इस प्रकार है:

  • हिंदी: 643.50 करोड़ रुपये
  • कन्नड़: 68.75 करोड़ रुपये
  • तेलुगु: 53.70 करोड़ रुपये
  • तमिल: 39.65 करोड़ रुपये
  • मलयालम: 38.80 करोड़ रुपये

भारत में फिल्म की कुल नेट कमाई में हिंदी भाषा की हिस्सेदारी करीब 76.2% है। वहीं विदेशों से फिल्म ने 510 करोड़ रुपये की कमाई की है।

दुनिया की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में पांचवें स्थान पर

‘रामायण’ दुनिया की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की सूची में पांचवें स्थान पर पहुंच चुकी है। हालांकि, कुल कमाई के मामले में यह अभी ‘दंगल’, ‘धुरंधर 2’, ‘बाहुबली 2’ और ‘पुष्पा 2’ से पीछे है।

2,000 करोड़ बताया गया पहले पार्ट का बजट

फिल्म और ट्रेड एक्सपर्ट सुमित कडेल के मुताबिक, किसी फिल्म को हिट या फ्लॉप घोषित करने में डिस्ट्रीब्यूटर शेयर की अहम भूमिका होती है।

रिपोर्ट के अनुसार, मेकर्स ने हाईकोर्ट में फिल्म के पहले पार्ट का बजट 2,000 करोड़ रुपये बताया है। इस हिसाब से फिल्म को हिट होने के लिए हिंदी में कम से कम 1,100 करोड़ और दुनियाभर में करीब 2,800 करोड़ रुपये का कलेक्शन करना होगा।

यानी 1,500 करोड़ का आंकड़ा पार करने के बावजूद फिल्म को अभी हिट घोषित करने के लिए जरूरी कमाई का लक्ष्य हासिल करना बाकी है।

क्या होता है ग्रॉस और नेट कलेक्शन?

  • वर्ल्डवाइड ग्रॉस: भारत और विदेशों में टिकट बिक्री से हुई कुल कमाई।
  • ग्रॉस कलेक्शन: टैक्स सहित टिकटों की कुल बिक्री।
  • नेट कलेक्शन: टिकटों की बिक्री से GST हटाने के बाद की कमाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!