फरीदाबाद: दीपावली की रात फरीदाबाद में आतिशबाजी के बीच आग लगने की कई घटनाएं सामने आईं। मेवला महाराजपुर इलाके में देर रात करीब 3 बजे पटाखे से निकला रॉकेट झुग्गियों पर गिर गया, जिससे एक दर्जन से ज्यादा झुग्गियों में आग लग गई। आग तेजी से फैलने के कारण वहां रहने वाले परिवारों में अफरा-तफरी मच गई। लोग बच्चों और परिवार के सदस्यों को लेकर जान बचाने के लिए बाहर भागे।
आग में कई परिवारों का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल की 10 से 12 गाड़ियों ने करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
झुग्गी पर गिरा रॉकेट, देखते ही देखते फैल गई आग
जानकारी के अनुसार, दीपावली की देर रात करीब 3 बजे एक रॉकेट उड़कर मेवला महाराजपुर की झुग्गियों पर जा गिरा। इससे एक झुग्गी में आग लग गई। झुग्गियां एक-दूसरे से सटी हुई थीं और आसपास ज्वलनशील सामान रखा था। ऐसे में आग तेजी से फैलती चली गई और देखते ही देखते एक दर्जन से अधिक झुग्गियां इसकी चपेट में आ गईं।
बच्चों को लेकर बाहर भागे परिवार, सामान जलकर राख
आग लगते ही झुग्गियों में रहने वाले लोगों में चीख-पुकार मच गई। परिवारों ने सबसे पहले बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित बाहर निकाला। कुछ लोगों ने घरों में रखा सामान बचाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण उन्हें सब कुछ छोड़कर बाहर निकलना पड़ा।
दमकल की टीमें जब तक आग पर काबू पातीं, तब तक कई झुग्गियों में रखा घरेलू सामान जलकर राख हो चुका था। प्रभावित परिवारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
फरीदाबाद में 9 जगह आग लगने की घटनाएं
मेवला महाराजपुर के अलावा दीपावली की रात फरीदाबाद के कई अन्य इलाकों में भी आग लगने की घटनाएं सामने आईं। इनमें पल्ला, सेक्टर-91, लक्कड़पुर, तिलपत, गाजीपुर, डबुआ चौक स्थित साइकिल गोदाम, इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के सेक्टर-30-33 स्थित एक मकान की पहली मंजिल और सेक्टर-46 की झुग्गियां शामिल हैं।
इन घटनाओं में किसी की मौत या घायल होने की सूचना नहीं मिली, हालांकि अलग-अलग स्थानों पर संपत्ति और सामान का नुकसान हुआ।
10 से 12 दमकल गाड़ियों ने पांच घंटे में पाया काबू
सेक्टर-31 फायर स्टेशन के कर्मचारी जोगेंद्र भड़ाना के अनुसार, मेवला महाराजपुर में आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 10 से 12 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। कर्मचारियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने और उसे आसपास की झुग्गियों तक फैलने से रोकने का प्रयास किया।
करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
