रेवाड़ी: दीपावली की रात रेवाड़ी में हुए सड़क हादसे में 17 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार दो दोस्त घायल हो गए। तीनों युवक दोस्त के घर पटाखे चलाकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बूढ़पुर रोड पर पेट्रोल पंप के पास बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहे मनजीत की मौके पर ही मौत हो गई।

पटाखे चलाकर लौट रहे थे तीनों दोस्त

पुलिस के अनुसार, हादसा दीपावली की रात हुआ। विकास नगर निवासी मनजीत अपने दो दोस्तों निखिल और तनुख के साथ बाइक पर सवार होकर दोस्त के घर से लौट रहा था। तीनों वहां पटाखे चलाने गए थे। बूढ़पुर रोड पर पेट्रोल पंप के पास अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से जा टकराई।

टक्कर में मनजीत को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, उसके दोनों दोस्तों निखिल और तनुख को हल्की चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बाइक मनजीत चला रहा था।

पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था मनजीत

मनजीत विकास नगर का रहने वाला था और 12वीं कक्षा में पढ़ता था। वह तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। महज 17 साल की उम्र में उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे की खबर मिलते ही घर में मातम छा गया।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

हादसे की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार, बाइक का संतुलन बिगड़ने के कारण हादसा हुआ। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!