करनाल: हरियाणा के करनाल जिले के मधुबन स्थित फोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) में 20 पदों पर भर्ती निकाली गई है। यह भर्ती DNA जांच से जुड़े मामलों के त्वरित निपटारे के लिए की जा रही है। खास बात यह है कि उम्मीदवारों को किसी लिखित परीक्षा से नहीं गुजरना होगा। चयन शैक्षणिक योग्यता, अनुभव और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा।
सभी पदों पर नियुक्तियां एक साल के लिए अनुबंध आधार पर होंगी। भर्ती में वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी, वरिष्ठ वैज्ञानिक सहायक, वैज्ञानिक सहायक और लैब अटेंडेंट के पांच-पांच पद शामिल हैं।
10 नवंबर तक कर सकते हैं आवेदन
इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित आवेदन प्रारूप में अपना आवेदन निदेशक, फोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी, मधुबन, जिला करनाल, हरियाणा के पते पर भेज सकते हैं। आवेदन रजिस्टर्ड डाक या स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजना होगा। इसके अलावा उम्मीदवार कार्यालय में जाकर भी आवेदन जमा करा सकते हैं।
आवेदन की अंतिम तिथि 10 नवंबर 2026 शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है।
किस पद के लिए क्या योग्यता जरूरी?
1. वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी
- कुल पद: 5
- योग्यता: संबंधित विषय में प्रथम श्रेणी से एमएससी या पीएचडी
- अनुभव: कम से कम 3 साल का फोरेंसिक DNA जांच का अनुभव
- अधिकतम आयु: 50 वर्ष
2. वरिष्ठ वैज्ञानिक सहायक
- कुल पद: 5
- योग्यता: संबंधित विषय में एमएससी
- अनुभव: कम से कम 2 साल का अनुभव
- अधिकतम आयु: 45 वर्ष
3. वैज्ञानिक सहायक
- कुल पद: 5
- योग्यता: संबंधित विषय में एमएससी
- अनुभव: कम से कम 1 साल का अनुभव
- अधिकतम आयु: 40 वर्ष
4. लैब अटेंडेंट
- कुल पद: 5
- योग्यता: कम से कम दसवीं पास
- प्राथमिकता: विज्ञान विषय से 12वीं पास उम्मीदवारों को प्राथमिकता मिलेगी
- आयु सीमा: 18 से 40 वर्ष
इंटरव्यू और स्क्रीनिंग से होगा चयन
इन पदों पर भर्ती के लिए कोई लिखित परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी। उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता और अनुभव के आधार पर स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। सभी नियुक्तियां एक साल के अनुबंध पर की जाएंगी।
