पंचकूला में हरियाणा राज्य महिला आयोग के सामने हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा शनिवार को पेश नहीं हुए। देहरादून में शो के दौरान आपत्तिजनक भाषा के मामले में उन्हें तलब किया गया था, लेकिन उनकी ओर से वकील आयोग के समक्ष उपस्थित हुआ।
इस पर आयोग ने सिंगर को एक और अवसर देने का फैसला लिया है।
एक दिन पहले चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मासूम शर्मा ने कहा था कि वह फिलहाल व्यस्त हैं और आयोग के सामने पेश नहीं हो पाएंगे। उन्होंने ईमेल के जरिए भी इसकी सूचना दी थी और विवादित मामले में माफी मांगने की बात कही थी।
हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणू भाटिया ने बताया कि मासूम शर्मा को समन जारी किया गया था और शनिवार होने के बावजूद कार्यालय खुला रखा गया, लेकिन वे पेश नहीं हुए। उनका जवाब वकील के माध्यम से प्राप्त हुआ है।
अध्यक्ष ने कहा कि सिंगर को एक और मौका दिया जाएगा। यदि वह अगली निर्धारित तिथि पर भी उपस्थित नहीं होते हैं, तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
देहरादून में 11 अप्रैल को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा विवादों में आ गए। जानकारी के अनुसार, उन्होंने मंच से एक व्यक्ति का जिक्र करते हुए चुनौतीपूर्ण टिप्पणी की और कार्यक्रम के दौरान आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया।
बताया जा रहा है कि यह कार्यक्रम DAV College Dehradun में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। उनके कार्यक्रम से जाने के बाद मंच पर सिंगर की प्रतिक्रिया और तीखी हो गई।
इस दौरान उमेश शर्मा भी कार्यक्रम स्थल पर मौजूद थे। घटना के बाद सिंगर के बयान और मंच से की गई टिप्पणियों को लेकर विवाद खड़ा हो गया, जिस पर अब महिला आयोग ने संज्ञान लिया है।
