यूपी से मनाली घूमने जा रहे सात दोस्तों की फॉर्च्यूनर को पीछे से इनोवा कार ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में फॉर्च्यूनर कार बेकाबू होकर पिपली जीटी रोड पर डिवाइडर से टकराकर पलट गई और इसमें सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि अन्य घायल हो गए। घायलों में एक हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद आरोपी इनोवा चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस तलाश कर रही है।
थाना सदर थानेसर में दर्ज शिकायत में मनीष वासी गांव भरजन (भटजन) जिला गाजियाबाद ने बताया कि शनिवार रात करीब नौ बजे वह अपने भाई अश्वनी, दोस्त अरुण वासी प्लौता थाना भोजपुर, विकास, आकाश वासी गांव दादूपुर, अंकित वासी गांव बोडाकी, विपुल वासी गांव खेड़ी जिला गौतम बुद्ध नगर (यूपी) गांव प्लौता से मनाली (हिमाचल प्रदेश) घूमने के लिए फॉर्च्यूनर में सवार होकर निकले थे। गाड़ी अरुण चला रहा था तथा बगल की सीट पर विकास बैठा हुआ था। वहीं बीच वाली सीट पर अंकित, अश्विनी, आकाश और पीछे वाली सीट पर वह विपुल के साथ बैठा हुआ था।
इसी दौरान रात करीब दो बजे जब वे पिपली जीटी रोड के पास पहुंचे तो उसी समय पीछे से तेज रफ्तार इनोवा कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। इससे गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकराकर पलट गई। दुर्घटना में दोस्त अरुण (चालक) व भाई अश्वनी गंभीर रूप से घायल हो गए। किसी तरह वह गाड़ी से बाहर निकला तथा राहगीरों से मदद की गुहार लगाई। इसी दौरान किसी ने डायल 112 को सूचना देकर मौके पर बुलाया। इसके बाद सभी को गाड़ी से बाहर निकाला गया।
अरुण व अश्वनी की नाजुक हालत को देखते हुए दोनों को एंबुलेंस की मदद से निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने अरुण को मृत घोषित कर दिया। वहीं दुर्घटना में घायल हुए युवकों को उनके परिजन उपचार के लिए गौतमबुद्ध नगर ले गए।
