सोनीपत में नर्सिंग की छात्रा चीनू की ऑनर किलिंग के मामले की जांच में नए खुलासे हुए हैं। उसकी मां ने मकान का मेन गेट बंद करते वक्त कहा था, “आज इसे जिंदा मत छोड़ना, इसने हमें कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं छोड़ा।” इसके बाद पिता अनिल ने उस पर चाकू से वार करना शुरू कर दिया। जब वह बचकर भागी तो भाई राहुल ने उसे पकड़ लिया और चाकू से गला काटकर उसकी हत्या कर दी। यह पूरी वारदात पुलिस की दुर्गा शक्ति टीम की एक महिला पुलिसकर्मी के सामने ही अंजाम दी गई। पुलिसकर्मी ने उसे बचाने की कोशिश भी की, लेकिन उसे धक्का दे दिया गया।

हालांकि, पुलिस चीनू के हत्यारोपी माता-पिता और भाई को गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने हर किसी को झकझोर दिया है। जिस बेटी को जिन हाथों से पाल-पोस कर बड़ा किया, वही हाथ उसके खून से रंग गए। चीनू का अंतिम संस्कार भी सोमवार को रिश्तेदारों और परिवार के अन्य सदस्यों ने किया। माता-पिता ने तो इसमें शामिल होने से भी इनकार कर दिया।अभी इस मामले में अभी कुछ और सवाल बाकी हैं, जिनके जवाब पुलिस तलाश रही है। पुलिस इसके लिए उस युवक देवा से भी पूछताछ करेगी, जिससे चीनू शादी करना चाहती थी।

पुलिस के मुताबिक, गोहाना की रहने वाली चीनू (23) का पिता अनिल ट्रांसपोर्ट का कारोबार करता है। परिवार में माता-पिता के अलावा एक भाई राहुल है। चीनू GNM की पढ़ाई कर रही थी। उसका पिछले दो-तीन साल से बुटाना गांव निवासी देवा के साथ प्रेम संबंध था। दोनों ने आपसी सहमति से शादी करने का फैसला भी कर लिया था।

जानकारी के अनुसार, देवा गोहाना के हारट्रॉन इंस्टीट्यूट में कंप्यूटर कोर्स कर रहा था, जबकि चीनू बस स्टैंड के पीछे स्थित मुखी इंस्टीट्यूट से नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। बस स्टैंड पर ही दोनों पहली बार मिले। उसके बाद दोनों का मिलना-जुलना बढ़ा और बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया, जो बाद में प्यार में बदल गया।

चीनू ने अपने माता-पिता से देवा के साथ शादी करने की इच्छा जताई थी, लेकिन परिवार इस रिश्ते के सख्त खिलाफ था। परिवार ने कहीं और शादी तय करने का मन बना लिया था, जिसको लेकर घर में लगातार विवाद चल रहा था। रविवार सुबह भी इस मुद्दे को लेकर परिवार और चीनू के बीच तीखी बहस हुई थी।

विवाद के दौरान परिवार ने चीनू को साफ शब्दों में धमकी दी थी कि अगर उसने अपनी मर्जी से शादी की, तो उसे जान से मार दिया जाएगा। इस खतरे को भांपते हुए चीनू ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को मदद के लिए बुलाया था। सूचना मिलते ही दुर्गा शक्ति की गाड़ी मौके पर पहुंची थी।

चीनू की शिकायत पर दुर्गा शक्ति की टीम मौके पर पहुंच गई थी। टीम ने परिवार के लोगों को समझाया था। इसके बाद दुर्गा शक्ति की टीम गाड़ी पर तैनात दो महिला पुलिसकर्मी में से एक को मकान के अंदर ही मामला सुलझाने के लिए छोड़कर वहां से चली गई। इसके बाद माता-पिता और भाई, चीनू के साथ मारपीट करने लगे। इस पर महिला पुलिसकर्मी उसे छुड़ाने की कोशिश करने लगी, लेकिन उसे भी चीनू के पिता अनिल ने धक्का दे दिया, जिसकी वजह से उसके हाथ में चोट आई। इसके बाद चीनू की मां ने घर का गेट बंद कर दिया और कहा कि आज इसको जिंदा मत छोड़ना। पुलिस के मुताबिक, पिता अनिल ने रसोई से चाकू उठाकर चीनू पर एक के बाद एक कई वार किए। चीनू जान बचाने के लिए रसोई से भागकर गैलरी तक पहुंची, लेकिन वहां भी उस पर हमला जारी रहा और भाई राहुल ने गला काटकर हत्या कर दी गई।

पुलिस ने मामले में मृतका चीनू के पिता अनिल, भाई राहुल और मां को अरेस्ट कर लिया है। गोहाना शहर थाने के SHO देवेंद्र कुमार के अनुसार, महिला पुलिसकर्मी की शिकायत पर चीनू की हत्या करने और पुलिस पर अटैक करने की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। तीनों को कोर्ट में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, अब उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!